पटना : बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है, जहां सत्ता परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक उनके नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है।
बताया जा रहा है कि दो बार डिप्टी सीएम रह चुके सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया है। इस फैसले के पीछे एक अहम बात यह भी सामने आ रही है कि मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी सम्राट चौधरी के नाम के पक्ष में थे। सूत्रों का कहना है कि भाजपा आलाकमान ने नीतीश कुमार की सहमति के बाद ही इस नाम पर अंतिम मुहर लगाई है।
इस बीच, भाजपा कार्यालय में सम्राट चौधरी का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे यह संकेत और मजबूत हो गया कि पार्टी के भीतर उन्हें लेकर माहौल तैयार हो चुका है। वहीं, पार्टी विधायकों की एक अहम बैठक भी शुरू हो चुकी है, जिसमें कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान, नितिन नवीन और विजय सिन्हा जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं।
बैठक के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें औपचारिक रूप से नए नेता का चयन किया जाएगा। खबर है कि शाम करीब चार बजे के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान इस नाम का औपचारिक ऐलान कर सकते हैं।
इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना इस्तीफा राज्यपाल सैयद अता हसनैन को सौंप दिया है। इस्तीफा देने के दौरान उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय चौधरी भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। लोकभवन में करीब छह मिनट की मुलाकात के बाद नीतीश कुमार बाहर निकले और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री आवास पर भी एक अहम बैठक हुई, जिसमें भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान नई सरकार के गठन को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि यह पूरी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो यह भाजपा के लिए एक बड़ा कदम होगा, खासकर राज्य में नेतृत्व को लेकर। साथ ही यह भी संकेत है कि आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी नए चेहरे के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।
