पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, डीएम कार्यालय के पास हुई मारपीट से मचा हड़कंप
बदायूं : बदायूं कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर अधिवक्ताओं के दो गुटों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से लाठी-डंडे चले तो दूसरे पक्ष ने बेल्ट का इस्तेमाल किया। संघर्ष में एक अधिवक्ता का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
डीएम कार्यालय के पास मचा हड़कंप
घटना कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कक्ष के निकट हुई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिस समय यह विवाद हुआ, उस दौरान जिलाधिकारी अटल सभागार में स्वास्थ्य विभाग की बैठक में मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
घायल अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप
घायल अधिवक्ता फहीम ने बताया कि उनका दूसरे पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि वह अपने चैंबर में मौजूद थे, तभी महिला अधिवक्ता के पति शबाउद्दीन कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास धारदार हथियार भी था, जिससे उनके सिर पर वार किया गया और वह घायल हो गए।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप
वहीं महिला अधिवक्ता मुसर्रत बानो ने घटना को लेकर अलग दावा किया है। उनका कहना है कि वह अपने पति शबाउद्दीन के साथ जिलाधिकारी कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान अधिवक्ता फहीम और उनके साथी वीडियो बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और फिर उनके पति पर हमला कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फहीम और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उनके पति घायल हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
महिला अधिवक्ता का कहना है कि पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों का कराया गया मेडिकल
पुलिस दोनों पक्षों को जिला अस्पताल ले गई, जहां घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
