एंटी-रेबीज टीके लगने के बावजूद बिगड़ी तबीयत, अलीगढ़ से दिल्ली रेफर किया गया, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बदायूं : बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। करीब एक महीने पहले पागल कुत्ते के काटने से घायल हुए 9 वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, खासकर उन लोगों में जिन्हें उसी कुत्ते ने काटा था।
एक महीने पहले पागल कुत्ते ने किया था हमला
जानकारी के अनुसार, उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब एक महीने पहले एक पागल कुत्ते ने 9 वर्षीय बच्चे समेत कई ग्रामीणों पर हमला कर दिया था। घायल बच्चे का तत्काल इलाज कराया गया और उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन भी लगवाई गई।
अचानक बिगड़ी हालत, दिल्ली में मौत
परिजनों के मुताबिक, टीकाकरण के बावजूद कुछ दिनों बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पहले उसे अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली में इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।
पिता ने इलाज पर उठाए सवाल
मृतक बच्चे के पिता नाज़िम खान का कहना है कि उन्होंने डॉक्टरों से बेटे का बेहतर इलाज करने की लगातार गुहार लगाई थी, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
गांव में डर का माहौल
बच्चे की मौत के बाद गांव में दहशत फैल गई है। जिन लोगों को उसी पागल कुत्ते ने काटा था, वे भी अपनी सेहत को लेकर चिंतित हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले पर नजर रखी जा रही है।
रिपोर्ट :राजा खान,बदायूं
