दिल्ली : कनाडा के ब्रैम्पटन शहर में कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए खुले ‘कैप्स कैफे’ पर एक बड़ी घटना घटी। एक अज्ञात व्यक्ति ने कार से उतरते ही कैफे पर नौ राउंड गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना ने पूरे स्टाफ और कपिल शर्मा के फैंस को सदमे में डाल दिया। कैफे की ओर से इस हमले के बाद एक आधिकारिक बयान सोशल मीडिया पर जारी किया गया। जिसमें लिखा गया है कि “हमने इस कैफे को सिर्फ एक बिजनेस के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसी जगह के रूप में खोला था। जहाँ लोग शांति, गर्मजोशी और संवाद पा सकें। लेकिन कल सुबह हमारा सपना गोलियों की आवाज़ से चीर दिया गया। हम डरे हुए हैं, सदमे में हैं, लेकिन हम हार नहीं मानेंगे।”
आपकी दुआओं और प्रार्थनाओं ने शक्ति दी
कैफे की टीम ने यह भी कहा कि उन्हें फैंस और स्थानीय लोगों से भरपूर समर्थन मिल रहा है। “आपकी दुआओं और प्रार्थनाओं ने हमें शक्ति दी है। ये हमला हमारे जज़्बे को तोड़ नहीं सकता। हम और मजबूती से वापसी करेंगे।
जानें पूरा मामला
कनाडा पुलिस की शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि यह हमला किसी खालिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावर की तलाश जारी है। इस घटना ने कनाडा में भारतीय मूल के लोगों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। अब तक कपिल शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, वह इस घटना से बेहद आहत हैं और अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
