एजेंसी
भुवनेश्वर,ओडिशा/नई दिल्ली : कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भुवनेश्वर में आयोजित ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम में भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब बिहार में भी वही चुनावी साज़िश रच रही है, जैसी उसने महाराष्ट्र में की थी।
मतदाता सूची के नाम पर लोकतंत्र की लूट!
राहुल गांधी ने कहा कि “महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए। ये कौन थे, कहां से आए, किसी को नहीं पता। चुनाव आयोग से हमने जानकारी मांगी, लेकिन सब कुछ छुपाया गया।”उन्होंने दावा किया कि बिहार में भी अब चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची में हेराफेरी की जा रही है।
“भाजपा संविधान को मिटाने में लगी है”
राहुल ने कहा कि “भाजपा संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। हम इसे नहीं होने देंगे। INDIA गठबंधन मिलकर इसका मुकाबला करेगा। बिहार की जनता को उनके वोट का अधिकार छीनने नहीं देंगे।”
ओडिशा पर भी साधा निशाना: “यह सरकार गरीबों की नहीं, अरबपतियों की”
ओडिशा की भाजपा सरकार को लेकर राहुल ने कहा कि यह “अडानी सरकार” है, जो गरीबों की जमीन, जंगल और भविष्य को लूटने में लगी है। “जगन्नाथ यात्रा के रथ तक अडानी के लिए रोके जाते हैं। इससे साफ है कि असली ताकत किसके पास है। यह सरकार जनता की नहीं, पूंजीपतियों की कठपुतली है।”
महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
राहुल गांधी ने ओडिशा में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य में 40,000 महिलाएं लापता हैं और हर दिन औसतन 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। क्या यही सुशासन है?
