एजेंसी
चेन्नई/नई दिल्ली : भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बोलते हुए पाकिस्तान के अंदर की गई भारतीय कार्रवाई को लेकर विदेशी मीडिया की भ्रामक रिपोर्टिंग पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत द्वारा किए गए हमले सटीक और प्रभावी थे। “हमने पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, और एक भी चूक नहीं हुई। पूरे ऑपरेशन में सिर्फ 23 मिनट लगे।” – अजीत डोभाल
विदेशी मीडिया पर तीखा हमला
डोभाल ने कहा कि कई विदेशी मीडिया संस्थानों ने गलत सूचना फैलाई कि पाकिस्तान ने भारत को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने चुनौती दी कि “कोई एक तस्वीर या सबूत दिखाइए। जिसमें भारत की किसी इमारत को नुकसान हुआ हो, एक कांच तक टूटा हो।”उन्होंने बताया कि इन मीडिया संस्थानों ने पाकिस्तान के 13 एयरबेस की सैटेलाइट तस्वीरें जारी कीं, लेकिन यह नहीं बताया कि इनमें क्या नुकसान हुआ।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस सैन्य ऑपरेशन में पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को एयरस्ट्राइक में ध्वस्त किया गया। 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों तक सीमित नहीं थी, बल्कि अंदरूनी गहराई तक की गई। ऑपरेशन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से संचालित किया गया। डोभाल ने बताया कि भारत जानता था कि किस ठिकाने पर कौन है, और उसी को निशाना बनाया गया।
हमें स्वदेशी तकनीक पर भरोसा करना होगा
डोभाल ने कहा कि “हमें टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर होना पड़ेगा। ऑपरेशन सिंदूर इसी आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।”अपने भाषण में डोभाल ने भारत की ऐतिहासिक सहनशीलता और ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि“हम एक ऐसी सभ्यता हैं। जिसने हज़ार वर्षों तक आक्रमण झेले लेकिन राष्ट्र के रूप में कभी मरे नहीं। राष्ट्र और राज्य अलग होते हैं — भारत एक राष्ट्र के रूप में हजारों सालों से जीवित है।”
साफ संदेश, भारत अब सहने वाला नहीं रहा
NSA डोभाल के इस भाषण ने स्पष्ट कर दिया कि भारत की रणनीति अब रक्षात्मक से आक्रामक हो चुकी है, चाहे आतंकवाद हो, सीमापार कार्रवाई हो या गलत सूचनाओं के खिलाफ आवाज़ उठाना।
