अलीगढ़ : अलीगढ़ महानगर के प्रमुख मेडिकल उपकरण निर्माता संस्थान हिक्स थर्मामीटर पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। आयकर विभाग की कई टीमों ने एक साथ कंपनी की फैक्टरी और इसके मालिक के सेंटर पॉइंट स्थित आवास पर छापेमारी की है।
सबसे ज्यादा गहमागहमी सेंटर पॉइंट इलाके में स्थित फैक्टरी मालिक के आवास पर देखने को मिल रही है। यहां आयकर विभाग के अधिकारियों की करीब छह गाड़ियां खड़ी हैं। सुरक्षा कारणों से घर के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। जांच के दौरान न तो किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति है और न ही अंदर मौजूद किसी व्यक्ति को बाहर निकलने दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद की गई है। आयकर विभाग की टीमें फैक्टरी में उत्पादन से जुड़े रिकॉर्ड, बिक्री के आंकड़े और कच्चे माल की खरीद से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही हैं। वहीं, आवास पर बैंक खातों, निवेश, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विभाग डिजिटल डेटा, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और अहम फाइलों की भी जांच कर रहा है, ताकि किसी भी तरह की आय छिपाने या कर चोरी से जुड़े सबूत जुटाए जा सकें।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई के तीसरे दिन भी जारी रहने से माना जा रहा है कि जांच में कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। शहर में इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है और सभी की नजर आयकर विभाग की अगली कार्रवाई पर बनी हुई है।
