हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ से ताल्लुक रखने वाले एक होनहार IIT छात्र की पंजाब में जिम के दौरान अचानक हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यह दर्दनाक घटना पंजाब के रूपनगर स्थित IIT रोपड़ परिसर की है, जहां थर्ड ईयर के छात्र आदित्य सागर की वर्कआउट करते समय मौत हो गई।
21 वर्षीय आदित्य सागर हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी का रहने वाला था और IIT रोपड़ से बी-टेक सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, आदित्य ने हाल ही में कैंपस के अंदर बने जिम में रजिस्ट्रेशन कराया था और सोमवार को पहली बार जिम में वर्कआउट करने पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ‘नेवर स्टॉप’ लिखी टी-शर्ट पहनकर आदित्य ने जिम में वर्कआउट शुरू किया। कुछ ही देर में उसके कान से अचानक खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। आदित्य को तड़पता देख वहां मौजूद गार्ड और छात्र तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। उसे तत्काल IIT रोपड़ के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने सिविल अस्पताल, रोपड़ रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव को हापुड़ लाया गया। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। आदित्य के पिता विनीत सागर रेलवे विभाग में डीसीपी पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में पटना में तैनात हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सुरक्षा में भी तैनात रह चुके हैं। आदित्य की मां मधु सागर गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई अर्णव सागर रायपुर से कानून की पढ़ाई कर रहा है। बुधवार शाम को आदित्य का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
