सपा प्रमुख ने फ्री ट्रेड, बेरोज़गारी और महंगाई पर घेरा केंद्र, वॉर कभी अच्छाई नहीं लाता, कॉरपोरेटपरस्ती का आरोप
SIR और कागज़ों पर सियासत, युवाओं को रोजगार दो, सिर्फ सेल्फी नहीं …
लखनऊ/कन्नौज/प्रयागराज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तिर्वा (कन्नौज) और प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रमों में केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि “भाजपाइयों को दुर्गंध से प्यार है, इसलिए वे सुगंध के पक्ष में नहीं आ सकते। तिर्वा में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध नहीं होना चाहिए।“हम समाजवादी लोग हमेशा वॉर के खिलाफ रहे हैं। वॉर कभी अच्छाई नहीं लाता, हमेशा नुकसान करता है।”
फ्री ट्रेड और अगली पीढ़ी का सवाल

उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश व्यापार नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा, “आप दुनिया के हर देश से फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर रहे हैं। अमेरिका से डील हो गई, चीन आपका बाजार छीन रहा है। हमारी अगली पीढ़ी का भविष्य क्या होगा? नारों से भविष्य ठीक नहीं होगा।”उन्होंने कहा कि “बीजेपी वालों ने कहा था कि मुसलमान भाई कागज ढूंढेंगे, लेकिन जबसे SIR हुई है हिंदू भाई ज्यादा कागज ढूंढ रहे हैं। हिंदू भाइयों को परेशान किया जा रहा है।”
युवाओं और रोजगार पर निशाना

उन्होंने कहा कि नौजवानों को मोबाइल और सेल्फी तक सीमित कर दिया गया है, लेकिन रोजगार और नौकरी के अवसर नहीं दिए जा रहे। “भारतीय जनता पार्टी रहेगी तो सब बंद हो जाएगा,” उन्होंने आरोप लगाया। प्रयागराज में उन्होंने कहा, “2027 में समाजवादी पार्टी और PDA की सरकार बनने जा रही है।” इसके साथ ही दावा किया कि अधिकारियों को भी बदलाव का आभास हो गया है।
शंकराचार्य प्रकरण और सांप्रदायिक सौहार्द
उन्होंने पूजनीय शंकराचार्य जी के साथ हुए व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि “बीजेपी किसी भी सीमा तक गिर सकती है।” तालग्राम में हिंदू-मुस्लिम विवाद भड़काने का आरोप भी लगाया।प्रयागराज में उन्होंने कहा, “हमारे देश की पहचान मिलजुलकर रहने में है। त्योहारों पर गले मिलना ही हमारी हिंदुस्तानियत है।”
व्यापारी वर्ग के मुद्दे पर बड़ा बयान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि एक व्यापारी परिवार का कथन “ये हम नहीं, हमारी लाशें खड़ी हैं”।भाजपा सरकार के खिलाफ जनता के आक्रोश को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल बड़े कॉरपोरेट और अरबपतियों की हितैषी है और छोटे कारोबारियों को खत्म करना चाहती है। टैक्स और महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि “भाजपाई की कमीशनखोरी और महा-मुनाफाखोरों को दी गई खुली छूट ही महंगाई का कारण है।” अखिलेश यादव ने दावा किया कि बेरोजगारी और गलत नीतियों से बाजार में मंदी आई है और आने वाले चुनावों में रेहड़ी-पटरी, छोटे दुकानदार और कारोबारी भाजपा को बड़ा झटका देंगे।
