एसपी चीफ बोले – भाजपा युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही! मुझे टिकट नहीं चाहिए, बस आपको CM बनाना है-कार्यकर्ता का भावुक वीडियो वायरल
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और अब हालात ऐसे हो गए हैं कि अस्पतालों में मरीजों के लिए खाना बनाने तक के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार अब इसे भी “अफवाह” बता सकती है,जबकि जमीनी हकीकत बेहद गंभीर है।उन्होंने कहा कि “दरअसल भाजपा की मानसिकता ही बीमार है, उससे मरीजों की चिंता की उम्मीद करना बेकार है।”
“उप्र में शासन-शून्य और अराजकता”
सपा अध्यक्ष ने राज्य की स्थिति को “शासन-शून्य” बताते हुए कहा कि सत्ता के शीर्ष पर अराजकता का माहौल है। उनके मुताबिक, सरकार का ध्यान जनहित से हटकर सिर्फ दिखावे और प्रचार पर केंद्रित है।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में गरीबों को समय पर एंबुलेंस और इलाज नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चौपट हो चुकी हैं। सरकार के अंतिम साल में छापेमारी सिर्फ दिखावा है। गरीब मरीजों को दवा और इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्राथमिक स्कूलों को बंद करना सरकार की गलत मंशा को दिखाता है और गरीब बच्चों का भविष्य खतरे में है।
सपा में शामिल हुए कई संगठन
इस दौरान भारतीय जागृति मिशन और चौहान एकता महासभा के कई पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें ओम साहू, के.टी. तिवारी, शशिकांत गांधी, सुनील गुप्ता, सज्जन कुमार पाठक सहित कई नाम शामिल रहे।कार्यक्रम में सांसद रामशिरोमणि वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे। सभी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का संकल्प लिया।
युवाओं और रोजगार पर सरकार घिरी
एसपी चीफ ने कहा कि प्रदेश में पढ़े-लिखे युवाओं के पास रोजगार नहीं है। भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है प्रदेश का विकास रुक गया है और सिर्फ बजट की लूट हो रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।
भावुक कर देने वाला वीडियो भी वायरल
इस बीच सपा मुख्यालय से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कट्टर कार्यकर्ता की अखिलेश यादव से मुलाकात दिखाई गई है। जब अखिलेश यादव ने मुस्कुराते हुए पूछा “टिकट तो नहीं मांग रहे हो?”तो कार्यकर्ता ने भावुक होकर जवाब दिया, “नहीं भैया, मैं किसी पद का भूखा नहीं हूं… मैं सिर्फ आपको मुख्यमंत्री बनते देखना चाहता हूं।”यह वीडियो सपा कार्यकर्ताओं के बीच तेजी से चर्चा में है और पार्टी के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया जा रहा है।
