जाट रेजीमेंट सेंटर में आयोजित भर्ती प्रक्रिया, सफल अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में सेना भर्ती कार्यालय द्वारा आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। 19 मार्च 2026 को जाट रेजीमेंट सेंटर, बरेली में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों से बुलाए गए अग्निवीर (जनरल ड्यूटी) के कुल 850 अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस दौरान कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 600 अभ्यर्थी सभी निर्धारित शारीरिक परीक्षणों में सफल रहे। सेना अधिकारियों के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई गई।
फिजिकल में पास अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए बुलाया
फिजिकल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के तहत मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है, जो भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस भर्ती रैली के सफल आयोजन से युवाओं में सेना के प्रति उत्साह और देश सेवा की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। भारतीय सेना को राष्ट्र का गौरव बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि योग्य और फिट युवाओं का चयन सेना को और मजबूत बनाएगा।
