खनन माफिया कृपाल सिंह समेत कई पर एफआईआर, टीम पर हमला और धक्का-मुक्की का आरोप, संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली व लोडर पकड़े
बरेली : जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रात के अंधेरे में चल रहे खनन माफिया के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। खनन अधिकारी मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी में कई वाहन जब्त किए गए, जबकि मुख्य आरोपी कृपाल सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहली कार्रवाई में 15-20 ट्रैक्टर मिले, एक पकड़ा
15 मार्च की मध्य रात्रि को खनन अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान बुखारा मोड़ से बभिया गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर 15-20 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते पाए गए। टीम को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन पीछा कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया गया। इस दौरान बभिया गांव के पास कुछ लोगों ने सरकारी वाहन रोकने की कोशिश की और पथराव व अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा डाली। पकड़े गए चालक से पूछताछ में सामने आया कि कृपाल सिंह और महेश समेत कई लोग मिलकर गिरोह बनाकर रात में अवैध खनन कर रहे थे।
दूसरी रेड में मचा हड़कंप, टीम पर हमला
16 मार्च की रात एसडीएम सदर के निर्देश पर खनन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने फिर छापेमारी की। इस दौरान 10-15 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते मिले। टीम को देखकर भगदड़ मच गई। जिसमें 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर पकड़े गए। इसी बीच एक इको स्पोर्ट कार में सवार कृपाल सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचा और पकड़े गए वाहनों को छुड़ाने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने टीम के साथ धक्का -मुक्की की, जिससे एक कर्मचारी घायल हो गया।
5 किलोमीटर पीछा कर ट्रैक्टर पकड़ा
भाग रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का टीम ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर उसे भी पकड़ लिया। वहीं, माफिया कृपाल सिंह अपने साथियों के साथ मौके से धमकी देते हुए फरार हो गया।
लोडर छोड़कर भागे चालक, पुलिस को सौंपे गए वाहन
कार्रवाई के दौरान 2 लोडर और 3 बाइक सवार संदिग्ध लोग भी मौके से भाग गए। लोडर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें टीम ने कब्जे में लेकर बभिया चौकी को सौंप दिया। कुल मिलाकर 2 लोडर और 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
खनन अधिकारी की तहरीर पर थाना कैंट में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई में तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विदित कुमार, अभिषेक तिवारी, खनन अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित राजस्व व लेखपाल टीम मौजूद रही।प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
