एसपी चीफ मेरठ के व्यापारियों के समर्थन में उतरे, सपा सरकार बनने पर दिलाया मदद का भरोसा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देश में बढ़ती महंगाई और गैस आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो आम आदमी के लिए खाना बनाना भी मुश्किल हो जाएगा और लोगों को फिर से लकड़ी और कंडे के सहारे खाना पकाना पड़ सकता है। मंगलवार को सपा के राज्य मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, और गैस समेत कई जरूरी सामानों की मांग और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। समाजवादी पार्टी इस गंभीर मुद्दे पर संसद में चर्चा चाहती है।
गैस संकट पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार खुद दावा करती रही है कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा गैस कनेक्शन दिए गए हैं, लेकिन अब सवाल यह है कि जब गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, तो सिलेंडर कैसे भरेंगे?, उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों और शहरों के व्यापारियों ने सरकार को पत्र लिखकर एलपीजी गैस और अन्य जरूरी सामानों की कमी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच सरकार की कोई ठोस तैयारी नजर नहीं आ रही है। अगर स्थिति दो हफ्ते और ऐसे ही बनी रही तो आम लोगों को खाना बनाने के लिए पुरानी व्यवस्था यानी लकड़ी और कंडे का सहारा लेना पड़ सकता है।
मेरठ के सेंट्रल मार्केट व्यापारियों के लिए जताई सहानुभूति

इस दौरान अखिलेश यादव ने मेरठ के सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर व्यापारी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक गए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी। उन्होंने सरकार से अपील की कि बरसों से काम कर रहे इन व्यापारियों के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए उनकी मदद की जाए।
सपा सरकार बनने पर मदद का भरोसा

पूर्व सीएम ने कहा कि आने वाले समय में अगर समाजवादी सरकार बनती है तो सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों की मदद के लिए रास्ता निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा व्यापारियों, किसानों और आम जनता के हित में काम करती रही है और आगे भी उनके मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि बढ़ती महंगाई और जरूरी वस्तुओं की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए, क्योंकि इसका सबसे ज्यादा असर आम जनता और गरीब वर्ग पर पड़ रहा है।
संसद के मकर द्वार पर सपा सांसदों का प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई और आलू किसानों की बदहाली के विरोध में समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। सपा सांसदों ने सरकार से मांग की कि बढ़ती।महंगाई, गैस संकट और किसानों की समस्याओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए।
किसान बर्बाद, भाजपा सरकार बेपरवाह
सपा प्रमुख ने आलू के गिरते दाम को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आलू की कीमतें गिरने से किसान बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को सिर्फ राजनीतिक सत्ता की चिंता है,जबकि किसानों की समस्याओं के लिए उसके नेताओं के पास समय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा, जिससे वे खेती छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो किसान अपने ही खेत की पैदावार खरीदने को मजबूर हो जाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों को राहत देने और उनकी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की।
