बरेली : यूपी के बरेली में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में आई कमी के बीच बरेली में कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जिले के मीरगंज तहसील क्षेत्र के नौसना गांव में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री करते हुए एक दुकानदार को पकड़ लिया गया। प्रशासन के निर्देश पर आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दुकान से 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए।
मुखबिर की सूचना पर पड़ी रेड
जानकारी के अनुसार मुखबिर की सूचना मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक की टीम पुलिस के साथ गांव नौसना पहुंची और आरोपी नाजिर की दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान में 15 गैस सिलेंडर मिले, जिनमें 14 भरे हुए और एक खाली था। आरोपी के पास सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। इसके बाद टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर जय माता दी गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया आपूर्ति विभाग ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
होटल-रेस्टोरेंट को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक
इस बीच जिले में एलपीजी संकट को देखते हुए पेट्रोलियम कंपनियों ने होटल और रेस्टोरेंट को कमर्शियल सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति पर रोक लगा दी है। विशेष परिस्थितियों में एजेंसियों द्वारा मांग भेजने पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।हालांकि, पुलिस, सेना, अस्पताल और रेलवे जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए गैस की आपूर्ति जारी रखी जाएगी।
कीमत बढ़ने और नए नियमों से बढ़ी परेशानी
बताया जा रहा है कि 7 मार्च को पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपये की बढ़ोतरी की थी। साथ ही अब एक सिलेंडर की रिफिल के बाद दूसरी बुकिंग 25 दिन बाद ही संभव होगी।एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव के अनुसार इन नए नियमों और आपूर्ति में कमी का असर होटल-रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर की अवैध बिक्री की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
