सपा प्रमुख ने पेपर लीक, बेरोजगारी और एनकाउंटर पर योगी सरकार को घेरा, बोले- इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा
लखनऊ/नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को नई दिल्ली में एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बदलाव की दस्तक सुनाई देने लगी है और जनता भाजपा सरकार को बदलने का मन बना चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा, “यूपी में रूल बदलने जा रहा है, रूल बदलेगा तो रियलिटी बदल जाएगी।” उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन मिलकर भाजपा को हराने जा रहे हैं। सीटों के बंटवारे को लेकर भी उन्होंने संकेत दिया कि गठबंधन के भीतर चुनावी रणनीति पर फैसला कर लिया गया है।
BJP को हराने के लिए गठबंधन तैयार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। गठबंधन में किसी बदलाव की संभावना से इनकार करते हुए उन्होंने कांग्रेस के साथ अपने संबंधों को अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन में रहकर किसी दूसरे गठबंधन के लिए बातचीत नहीं करती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “समाजवादी पार्टी और हमने मन बना लिया है कि कितनी सीटों पर लड़ेंगे और इस बार बीजेपी को हराने जा रहे हैं।” अखिलेश के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी एकजुटता और सीटों के बंटवारे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
PDA के साथ एकजुट हो रहा बहुजन समाज, भाजपा का वोट घटने का दावा
सपा अध्यक्ष ने PDA की राजनीति को भाजपा के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को मानने वाले, संविधान के रास्ते पर चलने वाले और लोकतंत्र को बचाने की सोच रखने वाले लोग एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने बहुजन समाज को सीधे जोड़ने का काम किया है। डॉ. आंबेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को साथ लाने की बात करते हुए उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह यादव के योगदान का भी जिक्र किया। अखिलेश ने दावा किया कि PDA की एकजुटता का असर भाजपा के वोट बैंक पर दिखाई दे रहा है और उसका जनाधार कम हो रहा है।
20 से ज्यादा पेपर लीक का आरोप, युवाओं और अभ्यर्थियों के मुद्दे उठाए
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं और पेपर लीक को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का जिक्र करते हुए कहा कि युवा आज भी आरक्षण और अपने हक की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने अग्निवीर योजना,सरकारी नौकरियों में देरी और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि अभ्यर्थी अदालत से राहत मिलने के बाद भी नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि युवा अपने साथ हुए अन्याय को नहीं भूलेंगे। उन्होंने युवाओं को लेकर कहा कि नई पीढ़ी स्पष्टता चाहती है, झूठे वादे नहीं। समाजवादी पार्टी हमेशा युवाओं के साथ खड़ी रही है।
कानून-व्यवस्था पर सवाल, फर्जी एनकाउंटर और पुलिस कार्रवाई को लेकर घेरा
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की कानून -व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में फर्जी एनकाउंटर हुए और पुलिस हिरासत में मौतों की घटनाएं सामने आई हैं। अखिलेश ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पर 80 से अधिक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि दलितों के खिलाफ अपराध और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उनके मुताबिक, सरकार अपराध नियंत्रण के दावों के बावजूद कमजोर और पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने में नाकाम रही है।अखिलेश ने नोएडा में मजदूरों के आंदोलन का जिक्र करते हुए भी सरकार पर अन्याय और अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीबों और कमजोर वर्गों के मकान तोड़े जा रहे हैं और पीडीए वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा निशाना बनाया जा रहा है।
एक्सप्रेस-वे निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तारीफ
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने विकास कार्यों और बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों और एक्सप्रेस -वे के निर्माण में भ्रष्टाचार हो रहा है तथा निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने समाजवादी सरकार के दौरान 21 महीने में तैयार किए गए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश के बेहतरीन एक्सप्रेस-वे में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि इस एक्सप्रेस-वे पर जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकते हैं। अखिलेश ने कानपुर -लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद कई जगह गड्ढे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में निवेश के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर रोजगार और नौकरियां दिखाई नहीं दे रही हैं।
इस बार लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा, युवाओं को लेकर अखिलेश का बड़ा संदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए लैपटॉप वितरण योजना का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भी जब वह गांवों में जाते हैं तो बच्चे उन्हें दस साल पहले दिए गए लैपटॉप दिखाते हैं, जो अब तक चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने छात्रों, युवाओं और आधुनिक तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए काम किया था। उनकी सरकार में पुलिस रिस्पांस सिस्टम विकसित किया गया, पुलिस मुख्यालय का निर्माण हुआ और लखनऊ, आगरा, कानपुर तथा नोएडा में मेट्रो परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। किसानों के लिए मंडियों के निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर खाद की उपलब्धता को लेकर भी निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी फर्जी वादों के बजाय स्पष्ट नीति और बेहतर भविष्य चाहती है। उन्होंने चुनाव को लेकर कहा, “इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा।”
अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे अखिलेश, केदारेश्वर मंदिर का भी किया जिक्र
राजनीतिक मुद्दों के बीच अखिलेश यादव ने अपने अयोध्या दौरे को लेकर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प था कि भगवान केदारेश्वर के दर्शन के बाद भगवान श्रीराम के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। इसी क्रम में इटावा स्थित केदारेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद अयोध्या जाने का कार्यक्रम है।उन्होंने भाजपा नेताओं की ओर से उनके धार्मिक दौरे पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि उनके परिवार में शिवपाल और रामगोपाल जैसे नाम हैं, जबकि पार्टी में अवधेश और पवन पुत्र जैसे नाम भी हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या की जनता ने समाजवादी पार्टी को आशीर्वाद दिया है, इसलिए वह प्रभु श्रीराम के दर्शन कर धन्यवाद देना चाहते हैं।
राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे को लेकर भाजपा पर आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से दिए गए दान और चढ़ावे में चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे से सनातन धर्म को मानने वाले लोग भी नाराज हैं।अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति को अयोध्या की जनता ने लोकसभा चुनाव में जवाब दिया है और आने वाले चुनावों में भी इसका असर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अयोध्या से राजनीति की शुरुआत की थी, लेकिन वहीं जनता ने बदलाव का संदेश दिया।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
