मेरठ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मेरठ की जनसभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए इसका नया मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ बताया। ओवैसी ने अखिलेश के पुराने बयानों, चंद्रशेखर आजाद के साथ अपने गठबंधन और सपा के राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर भी सवाल उठाए।
PDA फॉर्मूले पर तंज, बोले- मेरी डोर अल्लाह के हाथ में
ओवैसी ने अखिलेश यादव के पुराने बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने ओवैसी की तुलना डोर से करते हुए कहा था कि जितनी डोर रहेगी, उतना उड़ेंगे और जब चाहेंगे डोर खींच लेंगे। इस पर ओवैसी ने कहा कि उनकी डोर अल्लाह के हाथ में है, जबकि अखिलेश यादव की डोर भाजपा के साथ है। अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले A का मतलब अल्पसंख्यक बताया जाता था, लेकिन अब अगड़ा, आदिवासी, अग्रवाल और आधी आबादी जैसे अर्थ बताए जा रहे हैं। इसी पर तंज कसते हुए उन्होंने PDA का मतलब ‘पलट दिया अखिलेश’ बताया।
चंद्रशेखर आजाद की तारीफ कर अखिलेश से पूछे सवाल
AIMIM प्रमुख ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के साथ गठबंधन और उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने के फैसले पर भी बात की। ओवैसी ने कहा कि लोग उनसे पूछते हैं कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद का समर्थन क्यों किया। इसके जवाब में उन्होंने सहारनपुर की मस्जिद का जिक्र करते हुए सवाल किया कि जब मस्जिद तोड़ी गई थी, तब अखिलेश यादव वहां गए थे या नहीं। उन्होंने श्रावस्ती और बहराइच में मदरसों को तोड़े जाने का भी जिक्र किया। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की तारीफ करते हुए कहा कि जब नगीना में ईद की नमाज नहीं पढ़ने देने की बात कही गई तो चंद्रशेखर खड़े हुए और लोगों से नमाज पढ़ने को कहा। उन्होंने कहा, ‘चंद्रशेखर आजाद ठहर कर नमाज पढ़ा रहे हैं और अखिलेश उस जगह पर जाने वाले हैं जहां पर हमने 400 साल नमाज पढ़ी थी।’ ओवैसी ने कहा कि चंद्रशेखर ने खुद को मुसलमान नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान को मानने वाला बताया और नमाज पढ़ने वालों के साथ खड़े हुए। उन्होंने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि जिस जगह पर उनके बुजुर्गों ने 400 साल तक नमाज पढ़ी और सजदे किए, अब अखिलेश वहां जाने वाले हैं।
सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज नथवानी पर भी उठाए सवाल
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अखिलेश यादव ने उन्हें उम्मीदवार क्यों बनाया, जबकि उनके पिता परिमल नथवानी ने INDIA गठबंधन के उम्मीदवार को हराया था। इस पर तंज कसते हुए ओवैसी ने कहा, ‘यह कैसा प्यार है, यह रिश्ता क्या कहलाता है?’ मेरठ की जनसभा में ओवैसी ने PDA फॉर्मूले से लेकर चंद्रशेखर आजाद के समर्थन और राज्यसभा उम्मीदवार तक कई मुद्दों पर अखिलेश यादव को घेरा। उन्होंने सपा समर्थकों से भी सवाल किया कि वे इन मुद्दों पर जनता के सामने क्या जवाब देंगे।
