सपा प्रमुख बोले- शिक्षा विकल्प नहीं, संकल्प है, सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म को ठेस नहीं पहुंचाएगा
लखनऊ: शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिक्षा, शिक्षक सम्मान, सामाजिक सौहार्द और राजनीतिक मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। गोमतीनगर स्थित लखनऊ पब्लिक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने करीब 2 हजार शिक्षकों को सम्मानित किया और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी पार्टी की प्राथमिकताएं बताईं।
शिक्षा विकल्प नहीं, संकल्प है

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शिक्षक दिवस पर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए शिक्षकों और छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा कोई विकल्प नहीं बल्कि संकल्प है और विकसित भारत के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने लोगों से शिक्षा और शिक्षकों का हमेशा सम्मान करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि “हमारे शिक्षक ही रक्षक हैं, जैसे लोकतंत्र में संविधान हमारी रक्षा करता है।” उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के शिक्षक होने का भी जिक्र किया और कहा कि नेताजी ने जीवनभर शिक्षक की तरह लोगों को समझाने और रास्ता दिखाने का काम किया।
26 हजार प्राथमिक स्कूल फिर खोलेंगे
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा पर सबसे ज्यादा जोर देने की जरूरत है, तब स्कूल बंद किए जा रहे हैं। अपने सोशल मीडिया संदेश में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 5 सितंबर को इन बंद स्कूलों में ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने इसका संदेश ‘बंद स्कूल खुलेगा, तो PDA पढ़ेगा’ बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए वंचित, गरीब और पीड़ित समाज में सामाजिक एवं राजनीतिक चेतना बढ़ेगी तथा बराबरी और सामाजिक न्याय की दिशा मजबूत होगी।
लैपटॉप योजना का भी किया जिक्र
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को वितरित किए गए लैपटॉप का भी जिक्र किया।उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थियों ने बताया कि लैपटॉप मिलने से उनकी पढ़ाई में मदद मिली और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने शिक्षा के साथ तकनीक को जोड़ने को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाना चाहिए,ताकि वे अपना पूरा ध्यान शिक्षण कार्य पर लगा सकें। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी इस दिशा में काम करने की बात उन्होंने कही।
सच्चा सनातनी दूसरे धर्म की आस्था से खिलवाड़ नहीं करता

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने सामाजिक सौहार्द को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “सौहार्द बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है और उपलब्धि भी।”उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी सौहार्द पसंद होता है और दूसरे धर्म का सम्मान करता है। उनके मुताबिक, सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म को ठेस नहीं पहुंचाएगा और न ही किसी की आस्था से खिलवाड़ करेगा।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भाजपा पर आरोप
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि “रामधन की डकैती” और आस्था के पैसे की चोरी में भाजपा से जुड़े लोग पकड़े गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्थावान लोगों द्वारा मंदिर में दिए गए चढ़ावे की लूट हुई है और इस मुद्दे पर भाजपा जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है।
सहारनपुर मामले पर भी उठाए सवाल
उन्होंने सहारनपुर से जुड़े मामले को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों ने सरकार के इशारे पर काम किया और इससे पीड़ित पक्ष के लिए हाईकोर्ट जाने की स्थिति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित पक्ष हाईकोर्ट जाता तो उसे न्याय मिल सकता था और आगे सुप्रीम कोर्ट जाने का विकल्प भी रहता
जेपीएनआईसी और एक्सप्रेसवे को लेकर सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने जेपीएनआईसी को लेकर भी भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जिस कीमत पर जेपीएनआईसी को बेचा गया है, उतनी राशि केवल पार्किंग से आ सकती है। उन्होंने प्रदेश में सरकारी बजट के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए गंगा और गोमती नदी की सफाई को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि नदियों की सफाई के बजाय “बजट की सफाई” हुई है। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और खर्च को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और बजट की लूट हो रही है।
गंगा पुकारे तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना
गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अगर मां गंगा पुकारे तो भाजपा नेताओं को गंगा एक्सप्रेसवे से नहीं जाना चाहिए। उन्होंने एक्सप्रेसवे की सड़क की स्थिति और निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
PDA अपनी एकजुटता दिखाएगा
शिक्षक दिवस के अवसर पर जारी अपने सोशल मीडिया संदेश में अखिलेश यादव ने भाजपा पर नाइंसाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब भाजपा लोगों की आवाज से नहीं बल्कि उनकी खामोशी से डर रही है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम, बौद्ध, सिख, जैन, पिछड़ा और दलित समाज कथित अत्याचारों को देख रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि PDA अपनी एकजुटता दिखाएगा और सामाजिक न्याय तथा सौहार्दपूर्ण ‘बंधु राष्ट्र’ के संकल्प को आगे बढ़ाएगा।
पाठशाला पुकारे’ से 26 हजार स्कूलों का मुद्दा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शिक्षक दिवस के संदेश और समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम का मुख्य राजनीतिक फोकस प्रदेश के बंद बताए जा रहे प्राथमिक विद्यालयों पर रहा। पार्टी ने ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान के जरिए शिक्षा को राजनीतिक मुद्दा बनाने और बंद स्कूलों को फिर से खोलने का संदेश दिया है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
