एसपी चीफ बोले – जाति आधारित फर्जी एनकाउंटर सामाजिक न्याय के राज को खारिज करता है”
लखनऊ : यूपी के जौनपुर में रवि यादव के पुलिस एनकाउंटर के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में “फर्जी एनकाउंटर” का माहौल बनाया जा रहा है, और सरकार अपने वर्चस्व की धाक जमाने के लिए पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा,“जिस एनकाउंटर के पीछे चले मर्जी, वो है फर्जी। प्रदेश में मुठभेड़ की संस्कृति लाकर समाज में नफरत फैलाई जा रही है।”उन्होंने आरोप लगाया कि बुल्डोजर की कार्रवाई भी जातियां देखकर हो रही है। उन्होंने मीडिया पर भी सवाल खड़े किए। बोले – मीडिया के हिंदी समाचार पत्रों में संपादक भी पीडीए नहीं हैं। एक ही जातियों के लोगों का कब्जा है। इस दौरान हाईस्कूल के टाॅपर स्टूडेंट को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया।
“फर्जी एनकाउंटर प्रदेश का सबसे बड़ा मुद्दा”
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर सबसे बड़ा मुद्दा बन चुका है, लेकिन सरकार इस पर चर्चा नहीं होने देना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुठभेड़ों के जरिए लोगों के “मेंटल सॉफ्टवेयर” को हिंसा की ओर मोड़ा जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि पहले समाज मेलजोल और भाईचारे के लिए जाना जाता था, लेकिन अब “मुठभेड़ की संस्कृति” को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।
“फर्जी एनकाउंटर से पुलिसकर्मी भी मानसिक दबाव में”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी भी मानसिक तनाव और आत्मग्लानि का शिकार हो जाते हैं।उन्होंने दावा किया कि ऐसे मामलों का असर पुलिसकर्मियों के परिवारों पर भी पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस को अपराध की ओर धकेल रही है और कई पुलिसकर्मी मानसिक बीमारियों तथा शराब की लत का शिकार हो रहे हैं।
कस्टोडियल डेथ और कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश कस्टोडियल डेथ के मामलों में देश में सबसे ऊपर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस हिरासत में होने वाली मौतें भी “फर्जी एनकाउंटर” की श्रेणी में आती हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार के संरक्षण में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
“जाति आधारित फर्जी एनकाउंटर सामाजिक न्याय के राज को खारिज करता है”
सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में कथित फर्जी एनकाउंटरों को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “जाति आधारित फर्जी एनकाउंटर सामाजिक न्याय के राज को खारिज करता है।”अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर जाति विशेष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की भावना के खिलाफ है। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती मुठभेड़ की घटनाओं से भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच और कानून के दायरे में कार्रवाई करने की मांग की। हाईकोर्ट के अधिवक्ता गजेंद्र सिंह ने पुलिस मुठभेड़, और कस्टोडियन डेथ का आंकड़ा पेश किया।
“पीडीए वर्ग पर सबसे ज्यादा अत्याचार”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों में सबसे ज्यादा अत्याचार पीडीए वर्ग पर हुए हैं।उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को डराने और दबाने के लिए फर्जी मुठभेड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने जौनपुर के एक यादव पुजारी के कथित एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने संघर्ष कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया था और दोषियों को जेल भिजवाया गया था।
भाजपा ने पिछले 10 वर्ष में बिजली पर कोई काम नहीं किया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है और भाजपा सरकार ने दस वर्षों में बिजली क्षेत्र में कोई बड़ा काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जो बिजली मिल रही है, वह समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान लगाए गए बिजलीघरों से आ रही है। इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल -डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
“यूपी में सपा सरकार बनी तो केंद्र की भाजपा सरकार भी गिरेगी”
एसपी चीफ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद केंद्र की भाजपा सरकार भी कमजोर हो जाएगी। उन्होंने भाजपा पर “फेक अर्थव्यवस्था” का प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरे उत्तर प्रदेश को “अंधकार” में धकेल दिया है और जनता अब बदलाव चाहती है।
“2020 के हाथरस जैसा हाल 2026 में भी- अखिलेश यादव
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।अखिलेश यादव ने कहा, “हाथरस की बेटी के साथ जो हुआ 2020 में, उसी तरह का 2026 में भी हमें देखने को मिल रहा है। सरकार हर चीज को छिपाना चाहती है।”सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार सच्चाई सामने लाने के बजाय मामलों को दबाने में लगी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के बजाय प्रशासनिक स्तर पर घटनाओं को छिपाने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होनी चाहिए।
