पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर अचानक हुए हादसे का शिकार हो गए। शटरिंग खोलते समय मकान का लिंटर भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर पड़ा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
शटरिंग खोलते समय टूटा गर्डर, मजदूरों पर गिरा पूरा लिंटर
जानकारी के मुताबिक मामला पीलीभीत के कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद का है। यहां निवासी राजेश चंद्र एडवोकेट के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। करीब 16 दिन पहले मकान में लिंटर डाला गया था। मंगलवार को मजदूर शटरिंग हटाने और ढूला खोलने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लोहे का गर्डर टूट गया और पूरा लिंटर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मलवे में दबे मजदूरों को लोगों ने निकाला बाहर, एक की मौत
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने किसी तरह मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में 62 वर्षीय मजदूर रामचंद्र लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मजदूरों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों की पड़ताल जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के पीछे निर्माण कार्य में लापरवाही या तकनीकी खामी जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है और जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
