28 मई को सुबह 5 बजे से लागू रहेगा रूट डायवर्जन, दिल्ली, रामपुर और नैनीताल रूट से आने वाले भारी वाहन डायवर्ट
बरेली : बकरीद (ईद-उल-अज़हा) 2026 को लेकर बरेली प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। त्योहार के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और भीड़भाड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।प्रशासन ने 28 मई को सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार दिल्ली, रामपुर और नैनीताल की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा बाईपास, बिल्वाधाम, नवदिया झादा और इन्वर्टिस तिराहा होकर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सुबह 7 बजे से पहले मंशाराम, बुखारा और कैंट मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा।
रोडवेज बसों की भी नो एंट्री
रोडवेज बसों के लिए भी विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। दिल्ली और रामपुर की तरफ से आने वाली बसों को झुमका तिराहा से मिनी बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, डेलापीर और 100 फुटा रोड होते हुए सेटेलाइट बस स्टेशन तक भेजा जाएगा। वहीं चौकी चौराहा से मिनी बाईपास होकर डेलापीर मजार की तरफ सभी भारी वाहनों और रोडवेज बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
युवाओं को स्टंटबाजी से बचने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। इसके साथ ही दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने, स्टंटबाजी से बचने, रैश ड्राइविंग न करने और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करने की हिदायत भी दी गई है।
41 कुर्बानी स्थल चिन्हित, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
बकरीद को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम क्षेत्र में 41 कुर्बानी स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां सफाई और व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। प्रशासन की तरफ से सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट भी नामित कर दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे
2423 मस्जिदों और 179 ईदगाहों में नमाज
जिले में इस बार 2423 मस्जिदों और 179 ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। कोतवाली क्षेत्र में 63 मस्जिद, प्रेमनगर में 39 मस्जिद, कैंट में 52 मस्जिद और 4 ईदगाह, किला क्षेत्र में 84 मस्जिद और 1 ईदगाह, सुभाषनगर में 14 मस्जिद और 1 ईदगाह में नमाज होगी। इसके अलावा सीबीगंज में 14 मस्जिद और 1 ईदगाह, बारादरी में 116 मस्जिद तथा इज्जतनगर क्षेत्र में 58 मस्जिद और 7 ईदगाहों में नमाज अदा की जाएगी।
विशेष साफ सफाई रखने के निर्देश
प्रशासन की ओर से ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
