प्रदेश भर में सपाइयों ने धूमधाम से मनाया सपा प्रमुख का 53 वां जन्मदिन, लखनऊ कार्यालय पर जुटी भीड़, राम मंदिर, संविधान, भ्रष्टाचार और 2027 चुनाव को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने 53वें जन्मदिन के मौके पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा और केंद्र-प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।पार्टी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों के बीच उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब सांसदों को तोड़कर संविधान बदलने की कोशिश कर रही है। साथ ही राम मंदिर, भ्रष्टाचार, सामाजिक न्याय और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने कई बड़े बयान दिए। अखिलेश यादव ने कहा, “जिस संविधान को देश की जनता ने अपने वोट से बचा लिया, अब भाजपा सांसदों को तोड़कर और खरीदकर उसे बदलना चाहती है। समाजवादी पार्टी ऐसा कभी नहीं होने देगी।” उन्होंने कहा कि मर्यादा का पहला नाम भगवान श्रीराम हैं और दूसरा नाम बाबा साहब का संविधान है, लेकिन भाजपा ने दोनों के साथ दगा किया है।
राम मंदिर चढ़ावे को लेकर भाजपा पर हमला

सपा प्रमुख ने राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है और चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “प्रभु श्रीराम इतने दयालु हैं कि अगर कुछ देर के लिए सीसीटीवी बंद कर दिए जाएं तो शायद चढ़ावा अपने आप वापस आ जाए।”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाया, जबकि भगवान श्रीराम सभी के हैं और उनकी आस्था किसी एक दल की संपत्ति नहीं हो सकती।
भाजपा चालबाज और भ्रष्टाचार की पार्टी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि थानों, तहसीलों और अस्पतालों तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भ्रष्टाचार करके सरकार बनाती है और फिर सरकार बनाकर भ्रष्टाचार करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को अपना नाम बदलकर “भा-च-पा” (भारतीय चालबाज पार्टी) कर लेना चाहिए।
2027 में नई सरकार बनाने का लिया संकल्प

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी से बड़ी उम्मीदें हैं और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संकल्प लिया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, जहां सामाजिक न्याय, पीडीए समाज का सम्मान, प्रेम, दया और भाईचारे की राजनीति को बढ़ावा दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई बहुत बड़ी है और इसे जनता के सहयोग से जीता जाएगा।
जन्मदिन पर उमड़ा समर्थकों का सैलाब

सपा मुख्यालय और अखिलेश यादव के आवास पर सुबह से ही हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटी। पार्टी कार्यालय पहुंचने के दौरान कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया और उन पर फूलों की वर्षा की गई। नेताओं, सांसदों, विधायकों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, पूर्व सैनिकों, संतों और उलेमा ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कई स्थानों पर भंडारे, रक्तदान शिविर और सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा प्रदेश भर में सपाइयों ने जन्मदिन को धूमधाम से मनाया। केक काटने के साथ ही रक्तदान किया, और पौधारोपण भी किया गया।
मायावती समेत कई नेताओं ने दी बधाई
एसपी चीफ अखिलेश यादव के जन्मदिन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शुभकामनाएं दीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रिंयका गांधी, बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। स्वयं अखिलेश यादव ने भी सभी समर्थकों, शुभचिंतकों और विभिन्न दलों के नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।
