महंगाई, बिजली और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर सपा प्रमुख का सरकार पर निशाना, कहा- जनता की जेब काट रही भाजपा,संविदा कर्मियों के मुद्दे पर बोले – सरकार हो गई संवेदनहीन
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिजली दरों और बढ़ती महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि जून महीने से आने वाले बिजली बिल लोगों की परेशानी बढ़ाने वाले हैं और भाजपा सरकार बिजली बिल के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा, “जून से बिजली का बिल देखकर आंखों के आगे अंधेरा छाएगा।बिजली के बिल के नाम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के तिकड़मी खर्चों की व्यवस्था के लिए ‘इलेक्शन सरचार्ज’ लगा रही है।दरअसल बिजली के बिल में भाजपा का कमीशन बढ़ा है।”
आम जनता पर बढ़ा महगाई का बोझ
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं, तो कभी बिजली और गैस सिलेंडर महंगे किए जा रहे हैं।इससे आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता पहले से ही महंगाई से परेशान है, लेकिन इसके बावजूद सरकार लगातार कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन अब स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है।
‘पूंजीपतियों के हित में काम कर रही सरकार’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय बड़े पूंजीपतियों के हित में बनाई जा रही हैं। उनका कहना था कि गरीबों और किसानों की जेब से पैसा निकालकर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है और बाद में उनसे राजनीतिक लाभ लिया जाता है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब इन नीतियों से परेशान हो चुकी है।
सपा सरकार बनने पर काबू में की जाएगी मंहगाई
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का फैसला करेगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महंगाई, बेरोजगारी और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
रोडवेज संविदाकर्मियों के आत्मदाह प्रयास पर अखिलेश का हमला, बोले- सरकार हो गई संवेदनहीन
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री आवास के सामने रोडवेज संविदाकर्मियों द्वारा आत्मदाह के प्रयास की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार से निराशा इतनी बढ़ गई है कि लोग ऐसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। अखिलेश ने सरकार से चालकों -परिचालकों की मांगों पर तत्काल संज्ञान लेने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने की अपील की। साथ ही कहा कि नौकरी और रोजगार किसी परिवार के लिए जीवन-मरण का सवाल होता है।
