असद एनकाउंटर पर कांग्रेस सांसद ने उठाए सवाल, बोले- एक व्यक्ति के अपराध का ठीकरा पूरे समाज पर नहीं फोड़ा जा सकता
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड और आरोपी असद के एनकाउंटर को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस मामले में विपक्ष की ओर से पहली बार किसी बड़े नेता की प्रतिक्रिया सामने आई है। इमरान मसूद ने कहा कि अपराधी को केवल अपराधी की नजर से देखा जाना चाहिए, उसकी जाति या धर्म के आधार पर नहीं।
‘अपराधी की कोई जाति और धर्म नहीं होता’
इमरान मसूद ने कहा कि यदि कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाना है तो अपराधी को उसके अपराध के आधार पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर में अपराधी मारा जाए या उसके खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन यह नहीं देखा जाना चाहिए कि उसका नाम क्या है या वह किस समुदाय से आता है।
‘एक व्यक्ति की गलती का खामियाजा पूरे समाज को क्यों?’
असद के घर पर नोटिस चस्पा करने और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर इमरान मसूद ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अपराध किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई कीजिए, लेकिन उसके पूरे परिवार, रिश्तेदारों या किसी समुदाय को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस तरह की घटनाओं के जरिए नफरत का माहौल बनाया जा रहा है।
अन्य घटनाओं का भी किया जिक्र
कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रदेश में कई गंभीर आपराधिक घटनाएं हुई हैं, लेकिन सभी मामलों में एक जैसी कार्रवाई देखने को नहीं मिलती। उन्होंने गाजीपुर में व्यापारी के बेटे की हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी। उनका कहना था कि कानून का राज तभी स्थापित होगा जब हर अपराधी के खिलाफ समान कार्रवाई होगी।
CBSE री-इवैल्यूएशन को लेकर सरकार पर निशाना
सीबीएसई की री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया में आई तकनीकी दिक्कतों को लेकर भी इमरान मसूद ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। लाखों छात्र और अभिभावक परेशान हैं, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
महंगाई और शिक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
इमरान मसूद ने कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और आम परिवारों की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का असर छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा है। साथ ही बढ़ती तेल और गैस कीमतों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
बंगाल हिंसा पर भी बोले इमरान मसूद
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद ने वहां की स्थिति को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों तक पर हमले हो रहे हों, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उनके मुताबिक कानून-व्यवस्था को लेकर सभी राज्यों में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
