बरेली: एसएसपी अनुराग आर्य ने गंभीर आरोपों के चलते थाना बारादरी में तैनात चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ सांठगांठ कर एक व्यक्ति को अवैध रूप से बैठाए रखने और पैसे लेकर छोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्लॉट खरीद के लिए दिए थे 10 लाख रुपये
थाना प्रभारी बारादरी द्वारा दी गई आख्या के अनुसार, एक व्यक्ति ने 12 मई 2026 को प्लॉट खरीदने के लिए एक प्रॉपर्टी डीलर को 10 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर ने न तो प्लॉट का एग्रीमेंट कराया और न ही रकम वापस की। शिकायत में कहा गया कि पैसे वापस न करने के उद्देश्य से प्रॉपर्टी डीलर ने थाना बारादरी में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों से सांठगांठ कर ली।
आवेदक को पकड़कर आवास पर बैठाने और पैसे लेकर छोड़ने का आरोप
आख्या के मुताबिक, संबंधित पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने आवेदक को पकड़कर अपने आवास पर अवैध रूप से बैठाए रखा। इसके अलावा उसे छोड़ने के बदले पैसे लेने के भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायत के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आरोपों को गंभीर माना गया।
एसएसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने थाना बारादरी में तैनात हेड कांस्टेबल आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, कांस्टेबल सिद्धांत चौधरी और कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही चारों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
