लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को पिता बनने पर बधाई दी है। उन्होंने परिवार में बेटी के जन्म पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे बहुजन समाज के लिए प्रसन्नता का विषय है। मायावती ने कहा कि परिवार में नए सदस्य के आगमन से सभी लोग खुश हैं, लेकिन इससे भी अधिक खुशी की बात यह है कि आकाश आनंद ने अपनी बेटी को बहुजन समाज के मिशन के लिए समर्पित करने की इच्छा व्यक्त की है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने यह संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से साझा किया। उन्होंने लिखा कि बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को पुत्री के रूप में परिवार में नई सदस्य की प्राप्ति पर सभी लोगों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद द्वारा अपनी बेटी को माननीय बहनजी की तरह बहुजन समाज के मिशन के प्रति समर्पित करने की भावना व्यक्त करना हर्ष और गौरव की बात है, जिसका पार्टी की ओर से स्वागत किया जाता है।
मायावती ने आगे कहा कि यह सोच पार्टी की वैचारिक परंपरा और सामाजिक आंदोलन की निरंतरता को दर्शाती है। उन्होंने इसे बहुजन आंदोलन के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को समाज सेवा और सामाजिक न्याय के मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आकाश आनंद की पत्नी और नवजात बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस शुभ अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने भी आकाश आनंद और उनके परिवार को बधाइयां दी हैं। बसपा नेताओं का कहना है कि यह पारिवारिक खुशी के साथ-साथ बहुजन समाज के लिए भी गर्व का क्षण है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस खबर को लेकर उत्साह का माहौल है और सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है।
