लखनऊ : राम चंद्र भगवान और भारत माता के जयकारों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनका आगमन प्रदेश और देश के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में भारतीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले महान राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देश के प्रति योगदान को नमन करते हुए कहा कि ये सभी विभूतियां आज भी हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके प्रसिद्ध कथन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने कहा था “अंधेरा छटेगा, कमल खिलेगा।” आज देश उसी विचार को साकार होते हुए देख रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महापुरुषों के विचार और सिद्धांत आज भी राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंचे और वहां मौजूद हजारों लोगों का अभिवादन किया। उनके मंच पर पहुंचते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके बाद वंदे मातरम गीत का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण और भी भावनात्मक हो गया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर देश की तीन महान विभूतियों अटल बिहारी वाजपेयी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही इन राष्ट्रनायकों के जीवन, विचारों और योगदान को संजोने के लिए बनाए गए संग्रहालय का भी लोकार्पण किया जाएगा। यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को देश के इन महापुरुषों के विचारों से जोड़ने का कार्य करेगा।
समारोह को लेकर पूरे शहर में विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों को भव्य रूप से सजाया गया है। विभिन्न प्रदेशों से मंगाए गए सुंदर फूलों और पौधों से स्थल को आकर्षक रूप दिया गया है। प्रधानमंत्री करीब दो बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।
