लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लखनऊ में बने भव्य राष्ट्र प्रेरणा स्थल का विधिवत उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमाओं का अनावरण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने तीनों राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और हाथ जोड़कर नमन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती है, ऐसे में इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया गया। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्थापित तीनों प्रतिमाएं 65-65 फीट ऊंची हैं और प्रत्येक प्रतिमा का वजन करीब 42 टन बताया जा रहा है। इन तीनों प्रतिमाओं में बीच में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि दोनों ओर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियां हैं। इन प्रतिमाओं के माध्यम से भारतीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सहेजने का प्रयास किया गया है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल करीब 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है और इस परियोजना पर लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। स्थल पर एक आधुनिक संग्रहालय भी बनाया गया है, जहां इन तीनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और संघर्षों को चित्रों, दस्तावेजों और डिजिटल माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रवाद, समाज सेवा और अंत्योदय के विचारों से जोड़ना है।
कार्यक्रम को लेकर भारी जनसमूह लखनऊ पहुंचा है। प्रशासन के अनुसार प्रदेश के करीब 25 जिलों से लगभग दो लाख लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों को विशेष रूप से सजाया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 18 आईपीएस अधिकारी और 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद अब कुछ ही देर में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने भाषण में राष्ट्रनायकों के विचारों, सुशासन और विकास के संकल्प पर विस्तार से बात करेंगे।
