बरेली: रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की संभावित अवैध मौजूदगी की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। थाना बारादरी क्षेत्र स्थित पीलीभीत बाईपास रोड पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से एक हाई-प्रोफाइल वेरिफिकेशन ड्राइव चलाई, जिसकी कमान खुद जिले के शीर्ष अधिकारियों ने संभाली।
डीएम-एसएसपी समेत कई बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद
इस अभियान का नेतृत्व डीएम अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारिक, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान और सीओ पंकज श्रीवास्तव ने किया। अधिकारियों की टीमों ने बाईपास किनारे की झुग्गी बस्तियों, निर्माण स्थलों, दुकानों और अस्थायी ठिकानों पर रह रहे लोगों की बारीकी से जांच की।
स्थानीय मजदूरों और राहगीरों से मांगे गए दस्तावेज
टीमों ने लोगों से आधार कार्ड, पहचान पत्र और किरायानामा जैसे दस्तावेज मांगे। जिन पर संदेह हुआ, उनका मौके पर ही सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अवैध रूप से रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा:डीएम
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि जिले में अवैध रूप से रहने वाले किसी व्यक्ति को भी छोड़ा नहीं जाएगा। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बाहरी और संदिग्ध लोगों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
अधिकारियों ने कहा कि यह वेरिफिकेशन ड्राइव आगे भी जारी रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जांच की जाएगी। प्रशासन की यह कार्रवाई जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का संदेश देती है।
