9 अगस्त 1925 की शाम को ब्रिटिश शासन की नींव हिल गई, जब स्वतंत्रता सेनानियों के एक छोटे से समूह ने काकोरी स्टेशन के पास एक ट्रेन को लूटकर ब्रिटिश खजाने पर हाथ साफ़ कर दिया। यह कोई आम डकैती नहीं थी। यह एक सशस्त्र क्रांति का बिगुल था, जिसने आज़ादी की लड़ाई को एक निर्णायक मोड़ दिया। उस वक्त आर्थिक तंगी से जूझ रहे हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन (HRA) के क्रांतिकारियों ने फैसला किया कि वे ब्रिटिश खजाना लूटेंगे, न कि आम जनता का पैसा। राम प्रसाद बिस्मिल, अशफ़ाक़ उल्ला ख़ां, राजेंद्र लाहिड़ी, रोशन सिंह, मन्मथनाथ गुप्त जैसे प्रमुख क्रांतिकारी इस योजना में शामिल थे। मगर, पहली कोशिश नाकाम रही, लेकिन 9 अगस्त को उन्होंने ट्रेन रोककर गार्ड के डिब्बे से सरकारी पैसा निकालने की योजना को अंजाम दिया।
ट्रेन की चेन खींची, फिर चल गई गोलियाँ
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/4fBEPxMMWR8?si=1gf4JOgdd3YQ8QB1
जैसे ही काकोरी स्टेशन आया,योजना के अनुसार ट्रेन की चेन खींची गई। अशफ़ाक़ उल्ला खान संदूक तोड़ने में लगे रहे, बाकी साथी हवा में फायर कर भीड़ को दूर रखते रहे। एक निर्दोष यात्री अहमद अली की गोली लगने से मौत हुई, जो इस मिशन का एकमात्र दुर्भाग्यपूर्ण पहलू था।
लूट का असर और सबूत की एक चादर
क्रांतिकारियों को उस संदूक से केवल 5,000 रुपये मिले, लेकिन असली जीत ये थी कि पूरे देश का ध्यान आज़ादी की लड़ाई की तरफ़ गया। हालाँकि, एक चादर पर लगा धोबी का निशान पुलिस के लिए पहला सुराग बना।
चंद्रशेखर आज़ाद को छोड़ बाकी सब गिरफ्तार
सरकार ने इनाम घोषित किया और कुछ ही महीनों में अधिकांश क्रांतिकारी गिरफ्तार कर लिए गए। बनवारी लाल भार्गव नामक एक क्रांतिकारी ने सरकारी गवाह बनकर अपने साथियों के खिलाफ़ गवाही दी। चंद्रशेखर आज़ाद को छोड़ बाकी सब गिरफ़्तार हुए।
मुक़दमा, और फिर क्रांतिकारियों को फाँसी
1927 में मुक़दमे का फ़ैसला आया। राम प्रसाद बिस्मिल, अशफ़ाक़ उल्ला ख़ां, राजेंद्र लाहिड़ी, और ठाकुर रोशन सिंह को फाँसी की सज़ा हुई। नेहरू, जिन्ना, लाला लाजपत राय, जैसे नेताओं ने विरोध किया, लेकिन वायसराय ने माफ़ी ठुकरा दी। 19 दिसंबर 1927 को बिस्मिल,अशफ़ाक़ और रोशन सिंह फाँसी पर चढ़ा दिए गए। राजेंद्र लाहिड़ी को 17 दिसंबर को ही फाँसी दे दी गई। काकोरी कांड एक लूट नहीं, बलिदान और उद्देश्य की गाथा थी। इसने जनता को यह दिखा दिया कि आज़ादी सिर्फ़ सभाओं से नहीं, साहस से मिलेगी। इन क्रांतिकारियों ने एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया। काकोरी ट्रेन लूट भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वो अध्याय है। जिसने न केवल ब्रिटिश सरकार की चूलें हिला दीं, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि भारत के युवा अब अंग्रेज़ों की दासता को स्वीकार नहीं करेंगे। इस घटना ने साबित किया कि क्रांति सिर्फ़ बंदूक़ों से नहीं, बल्कि आत्मबलिदान, अनुशासन और विचारधारा से लड़ी जाती है।
