रोजगार, पेपर लीक, स्मार्ट मीटर, स्वास्थ्य सेवाओं और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रोजगार, पेपर लीक, स्वास्थ्य सेवाओं, स्मार्ट मीटर, भ्रष्टाचार और चुनावी पारदर्शिता जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार देने और शिक्षा के अवसर बढ़ाने की जरूरत थी, लेकिन सरकार की प्राथमिकताएं अलग हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जिस देश में नौकरी और रोजगार के लिए IIT बननी चाहिए थी, वहां SIT बन रही है।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सबसे अधिक पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द हुई हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही आरोप लगाया कि प्रदेश में नौकरियों में PDA वर्ग के हजारों लोगों के साथ अन्याय हुआ है।
INDIA गठबंधन पर कह दी ये बात
INDIA गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन पहले भी था और आगे भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हाल के चुनावों में पराजित हुई है और 2027 में PDA की रणनीति तथा INDIA गठबंधन मिलकर मुकाबला करेगा।
5 केडी से भ्रष्टचार की पाइपलाइन का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश के कई स्थानों पर स्मार्ट मीटर क्यों हटाए गए। उन्होंने जल निगम और पाइपलाइन परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार को घेरा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र गोरखपुर की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रहे हैं और लोगों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
लोकतंत्र और संविधान बचाने की अपील
सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र, संविधान और चुनावी व्यवस्था की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी चुनाव होगा। उन्होंने भाजपा पर चुनावी पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि जो लोग स्वयं को उपेक्षित या अपमानित महसूस कर रहे हैं, उनके लिए समाजवादी पार्टी के दरवाजे खुले हैं।
धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर कह दी बड़ी बात
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान और संविधान दोनों के प्रति जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि समाज के विभिन्न वर्गों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
