इज्जतनगर रेल मंडल ने इंजीनियरिंग अनुरक्षण और संरक्षा कार्य के चलते लिया फैसला, 26 नवंबर की रात 9 बजे से 27 नवंबर की सुबह 5 बजे तक बंद रहेगा बरेली का किला फाटक
बरेली : रेलवे प्रशासन ने इंजीनियरिंग अनुरक्षण और संरक्षा संबंधी कार्यों के चलते बरेली और बाजपुर क्षेत्र में दो रेलवे समपारों (क्रॉसिंग) पर रात्रिकालीन यातायात बंद रखने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने बताया कि बरेली शहर का किला फाटक 26 नवंबर की रात 9 बजे से 27 नवंबर की सुबह 5 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, बाजपुर-हेमपुर स्माइल रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित समपार संख्या-37/स्पेशल को 25 नवंबर से 2 दिसंबर तक प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक बंद रखा जाएगा।
किला फाटक आठ घंटे रहेगा बंद, किला पुल से निकलेंगे वाहन
रेलवे के मुताबिक, इज्जतनगर -बरेली सिटी रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 246/स्पेशल यानी किला फाटक पर इंजीनियरिंग अनुरक्षण का कार्य किया जाना है। इसके चलते 26 नवंबर 2026 को रात 9 बजे से 27 नवंबर की सुबह 5 बजे तक इस फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान किला फाटक से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। रेलवे प्रशासन ने आवागमन के लिए नजदीक स्थित किला उपरिगामी पुल को वैकल्पिक रास्ते के रूप में निर्धारित किया है। ऐसे में रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक पहले से अपना रास्ता तय कर लें।
बाजपुर में 2 दिसंबर तक हर रात बंद रहेगा रेलवे क्रॉसिंग
दूसरी ओर, बाजपुर-हेमपुर स्माइल रेलवे स्टेशनों के बीच सिंह ढाबा के समीप स्थित समपार संख्या-37/स्पेशल (किमी 51/17-18) पर भी अनुरक्षण और संरक्षा संबंधी कार्य कराया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह समपार 25 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में सड़क उपयोगकर्ताओं के आवागमन के लिए हेमपुर स्माइल रेलवे स्टेशन के पास स्थित समपार संख्या-38/सी को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि निर्धारित अवधि में इसी वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करें और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
रेलवे ने की सहयोग की अपील
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी की ओर से बताया कि सड़क उपयोगकर्ताओं से निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अनुरक्षण और संरक्षा संबंधी कार्य सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन के लिए जरूरी हैं। इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए रेल प्रशासन ने खेद भी व्यक्त किया है। इसलिए अगर आप किला फाटक या बाजपुर-हेमपुर स्माइल क्षेत्र से रात में गुजरने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्ते की जानकारी जरूर कर लें, ताकि रास्ते में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
