नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच से जुड़े इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश रद्द कर दिए। शीर्ष अदालत ने मामला दोबारा सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेज दिया है। अब हाईकोर्ट राहुल गांधी को भी इस मामले में पक्षकार बनाएगा और उनका पक्ष सुनने के बाद नए सिरे से आदेश पारित करेगा। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने यह फैसला सुनाया। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पैरवी की।
हाईकोर्ट ने मई में दिए थे जांच के निर्देश
यह मामला भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की ओर से दाखिल याचिका से जुड़ा है। उन्होंने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दाखिल कर राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों की संपत्ति तथा कथित वित्तीय लेन-देन की जांच सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की थी। मई में सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि यदि याचिकाकर्ता की शिकायत प्राप्त हुई है तो उसमें लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन किया जाए। अदालत ने संबंधित एजेंसियों को जवाब दाखिल करने के लिए आठ सप्ताह का समय भी दिया था।
राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में उठाए सवाल
हाईकोर्ट के आदेश को राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी दलील थी कि याचिकाकर्ता को इस मामले में याचिका दाखिल करने का अधिकार नहीं है और उसने अपनी पहचान तथा योग्यता भी स्पष्ट नहीं की है। राहुल गांधी की ओर से यह सवाल भी उठाया गया कि गोपनीय प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी अखबारों तक कैसे पहुंची। 17 अगस्त को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि हाईकोर्ट ने राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना उनके खिलाफ आदेश कैसे पारित कर दिया। इसके बाद शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी।
CBI-ED की रिपोर्ट पर भी हुई थी सुनवाई
मामले में 20 जुलाई को सीबीआई और ईडी ने हाईकोर्ट में अपने जवाब दाखिल किए थे। हालांकि, हाईकोर्ट ने सीबीआई की रिपोर्ट को पर्याप्त स्पष्ट नहीं माना और एजेंसी को नया हलफनामा दाखिल कर जांच की प्रगति बताने का निर्देश दिया था। वहीं, ईडी के जवाब पर अदालत ने कहा था कि एजेंसी ने जरूरी शुरुआती कदम उठाए हैं। जांच में किसी गैरकानूनी गतिविधि या उससे जुड़े दस्तावेज सामने आने पर वह कानून के मुताबिक आगे कार्रवाई कर सकती है। याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर ने दावा किया था कि उन्होंने पूछताछ के दौरान भारत और विदेश से जुड़े कथित लेन-देन, विदेश यात्राओं और अन्य आरोपों से संबंधित जानकारी तथा दस्तावेज जांच अधिकारी को सौंपे हैं। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईकोर्ट में मामले की नए सिरे से सुनवाई होगी।
