पीलीभीत : जहानाबाद थाना क्षेत्र में गंगा स्नान मेले के दौरान पुलिस ने मानवता और तत्परता की मिसाल पेश की। मेले की भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़े 12 मासूम बच्चों को पुलिस टीम ने सकुशल तलाश कर उनके परिवारों से मिलाया। बच्चों के वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिसकर्मियों का आभार जताया।
चक्रतीर्थ शिव मंदिर तालाब पर लगा था मेला
जहानाबाद क्षेत्र के गांव कल्याणपुर स्थित चक्रतीर्थ शिव मंदिर तालाब पर गंगा स्नान पर्व के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच 12 बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। परेशान परिवारों ने बच्चों की तलाश शुरू की।
खोया-पाया केंद्र ने निभाई अहम भूमिका
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन में मेला परिसर में खोया-पाया केंद्र स्थापित कराया गया था। यहां तैनात पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही बच्चों की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक जयशंकर सिंह और केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए सभी 12 बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस की सतर्कता से सकुशल संपन्न हुआ मेला
बच्चों को परिवारों से मिलाने के साथ ही मेले में तैनात पुलिस बल ने अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पूरी सतर्कता बरती। पुलिस की प्रभावी व्यवस्था के चलते गंगा स्नान पर्व और मेला सकुशल संपन्न हुआ। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जहानाबाद पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
