बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराजगी, किसान नेता के टावर पर चढ़ने की सूचना से प्रशासन में मचा हड़कंप
बरेली : यूपी के बरेली जिले की मीरगंज तहसील में छुट्टा पशुओं और खनन के मुद्दे को लेकर किसान नेता का अनोखा विरोध प्रदर्शन सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के मीरगंज तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान प्रशासन से नाराज होकर टावर पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि वह छुट्टा पशुओं की समस्या और खनन के मुद्दे पर कई बार तहसील प्रशासन को ज्ञापन दे चुके थे, लेकिन उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने यह कदम उठाया। किसान नेता के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी सुनवाई न होने का आरोप

किसान नेता सुधीर बालियान के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इनमें जिला मीडिया प्रभारी ठाकुर अरविंद सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष झंडू सिंह गंगवार, मीरगंज तहसील संरक्षक राकेश कुमार, नगर अध्यक्ष डॉ. मुदित प्रताप सिंह, पूरनलाल, रामदयाल, रामसहाय, ठाकुर महावीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष मदनलाल, मान सिंह, चौधरी करण सिंह, नेमचंद और सौरभ सहित कई किसान मौजूद थे।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस अधिकारी
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मीरगंज एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार न्यायिक भानु प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम कुलदीप सिंह, फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एडीओ लोकमान सिंह, लेखपाल आदित्य कुमार गंगवार और ग्राम सचिव हर्ष चौहान भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में किसान नेता को समझाने और स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए।
