लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस तबादला सूची में दो मंडलायुक्तों की अदला-बदली के साथ कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। औद्योगिक विकास, नगर विकास और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फेरबदल के तहत कानपुर, वाराणसी, भदोही, चंदौली, गोंडा, जौनपुर, श्रावस्ती और शामली में प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।
कानपुर-वाराणसी के मंडलायुक्त बदले
के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का नया मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे। रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की जिम्मेदारी भी दी गई है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर नियुक्त किया गया है।
भदोही, चंदौली, गोंडा और जौनपुर में नए डीएम
भदोही के जिलाधिकारी शैलेश कुमार को चंदौली का नया डीएम बनाया गया है। अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास की जिम्मेदारी दी गई है। स्थानांतरणाधीन उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां बनाया गया है। विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा एवं राजनैतिक पेंशन के पद पर तैनात मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार नियुक्त किया गया है।
शामली के डीएम बदले, सौम्या अग्रवाल को अतिरिक्त प्रभार
शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
