बाराबंकी: जिले के त्रिवेदीगंज क्षेत्र के लोनीकटरा थाना अंतर्गत त्रिलोकपुर गांव में बृहस्पतिवार रात पानी बहने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दरवाजे के सामने पानी बहने को लेकर हुए झगड़े में रज्जू उर्फ राजू (50) की पीटकर हत्या कर दी गई। मारपीट में उनकी पत्नी माया और छोटा भाई जमुना प्रसाद भी घायल हो गए।
शाम को थाने पहुंचकर राजू ने की थी शिकायत
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी मनोज कुमार पाइप लगाकर नल से अपने घर पानी ले जा रहे थे। पाइप फटी होने के कारण पानी पड़ोसी राजू के दरवाजे के सामने बहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बताया गया कि शाम को राजू लोनीकटरा थाने पहुंचे थे। उन्होंने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मनोज ने अपने एक साथी के साथ लाठी-डंडों से उनकी पिटाई की है।
रात करीब 10 बजे फिर आमने-सामने आए दोनों पक्ष
परिजनों का आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मियों ने राजू को घर भेज दिया और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान मनोज पक्ष के लोगों ने राजू और उनके परिजनों की पिटाई कर दी। मारपीट में राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी माया और छोटा भाई जमुना प्रसाद भी चोटिल हुए।
सीएचसी में डॉक्टरों ने राजू को मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज ले गई। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, परिजनों की ओर से शाम को थाने में शिकायत देने के बावजूद रात में दोबारा मारपीट होने को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
