पीलीभीत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पीलीभीत जिले के दौरे पर रहे। दोपहर करीब 12 बजे वह बीसलपुर तहसील क्षेत्र के गांव नूरानपुर स्थित गौरक्ष पीठ आश्रम पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर शिव मंदिर के निकट बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद मुख्यमंत्री कार से रामकथा मंच तक पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में मौजूद साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
ग्रामीणों की भारी उपस्थिति देखकर प्रसन्न हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पिछले दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह पिछले दिनों बरेली आए थे, तब उनके मन में यह सवाल था कि इतनी दूर गांव में इतना बड़ा आयोजन सफल हो पाएगा या नहीं। लेकिन आज लोगों की भारी उपस्थिति देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।
अटूट आस्था भारत की सबसे बड़ी ताकत: सीएम योगी
सीएम योगी ने दुनिया के 200 देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी देशों की अपनी उपलब्धियां और समस्याएं हैं। भारत और चीन की आबादी सबसे बड़ी है, लेकिन भारत दुनिया का अकेला ऐसा देश है, जहां अनगिनत बोलियां और भाषाएं होने के बावजूद हर नागरिक का भाव एक है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण हमारी अटूट आस्था है, जो भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
रामकथा और रामलीला हजारों साल पुरानी परंपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामकथा के आयोजन और रामलीला के पीछे हजारों वर्षों पुरानी परंपरा है। पंडित राधेश्याम की रामायण ने इस परंपरा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज हम सभी मिलकर इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद वह कार से हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
रिपोर्टर: ऋतिक द्विवेदी
