10,284 अभ्यर्थियों ने दी थी मुख्य परीक्षा, 812 पदों पर लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा चयन
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 814 पदों पर चयन किया जाना है।
29 मार्च से 1 अप्रैल तक हुई थी मुख्य परीक्षा
लोक सेवा आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी के अनुसार, पीसीएस-2025 की मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था। इस भर्ती के तहत कुल 28 प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां घोषित की गई थीं। आयोग के मुताबिक इनमें से एक प्रकार के पद की दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है। इन दो पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ घोषित किया जाएगा।
812 पदों के लिए 2,297 अभ्यर्थी इंटरव्यू में पहुंचेंगे
शेष 812 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाना है। आयोग ने इन 812 पदों के सापेक्ष 2,297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है। अब सफल अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण यानी साक्षात्कार में शामिल होना होगा। इसके बाद लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर अंतिम चयन परिणाम तैयार किया जाएगा।
हाईकोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रहेगा परिणाम
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिका संख्या-4253/2026, अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल विशेष अपील संख्या-475 (डी)/2019 में हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
अंतिम चयन परिणाम के बाद जारी होंगे अंक और कटऑफ
आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी ने बताया कि मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ अंक की जानकारी अभी जारी नहीं की जाएगी। आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक और अन्य संबंधित जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
