CJP प्रवक्ता सौरव दास ने जताया सुरक्षा खतरा, घर में घुसकर वीडियो बनाने का लगाया आरोप
सोशल मीडिया पर जताई चिंता, परिवार की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल; विपक्षी नेताओं ने भी दी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई यूट्यूबर्स और मीडिया रिपोर्टरों ने उनके घर में जबरन प्रवेश कर अंदर से वीडियो रिकॉर्ड किए और उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया। दास का कहना है कि इससे उनके परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
घर में घुसकर वीडियो बनाने का आरोप
सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि घर के अंदर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो उनकी निजता का उल्लंघन हैं। उनका कहना है कि यदि इन वीडियो के कारण कोई असामाजिक तत्व उनके घर पर हमला करता है, तो इसके लिए संबंधित यूट्यूबर्स और उनके समर्थक जिम्मेदार होंगे।
15 से 20 लोगों के पहुंचने का दावा
दास ने दावा किया कि सुबह करीब 15 से 20 लोग उनके घर पहुंचे थे, जबकि कुछ लोग रात से ही बाहर मौजूद थे। उनके अनुसार, इस घटनाक्रम के बाद घर में रहने वाले परिजनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है।
वीडियो में निजी जीवन और छात्र आंदोलन पर चर्चा
सीजेपी प्रवक्ता ने कुछ वीडियो लिंक भी साझा किए, जिनमें कथित तौर पर यूट्यूबर्स उनके आवास के बाहर खड़े होकर उनकी निजी जिंदगी, संपत्ति और जंतर-मंतर पर हुए 36 दिनों के छात्र आंदोलन में उनकी भूमिका पर चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के समय सौरव दास महाराष्ट्र में पार्टी की दो दिवसीय बैठक में शामिल होने गए थे।
विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया
इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि वह इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाएंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे सत्ता पक्ष का असली चेहरा बताते हुए प्रतिक्रिया दी।
सीजेपी ने बताई अपनी रणनीति
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब सीजेपी महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक कर रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रभावी “प्रेशर ग्रुप” के तौर पर काम करेगा। उन्होंने झारखंड के छात्र आंदोलनों सहित देशभर में संगठन की गतिविधियां बढ़ाने के संकेत भी दिए।
