सपा प्रमुख ने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर साधा निशाना, निवेशकों के भरोसे और ईडी की कार्रवाई को लेकर कही ऐसी बात?
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद और हालिया प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट और पार्टी की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा और दान विवाद ने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले सनातन समाज को भी आहत किया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे से देश की छवि प्रभावित हुई है।अखिलेश यादव ने दावा किया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा, चंदा और दान विवाद की चर्चा दुनिया भर में हो रही है। उनके अनुसार, विदेशों में रहने वाले कई सनातनी भी इस खबर से दुखी हैं।क्योंकि, उन्होंने भी मंदिर में दान दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से धर्म के साथ-साथ देश की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा है।
निवेशकों के भरोसे पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि ऐसी खबरों से निवेशकों का भरोसा भी प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं कर पा रही है, तो निवेशकों के मन में भी सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता खोने का आरोप लगाया।
लखनऊ और झांसी में ED की कार्रवाई पर कसा तंज
यूपी के लखनऊ और झांसी में ईडी की कार्रवाई के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि जांच एजेंसियां चयनात्मक कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां कार्रवाई होनी चाहिए, वहां नहीं की जा रही और केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया।
‘झूठे आरोप लगाने वालों’ पर भी कही ये बात
एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने ऐसे लोगों से झूठे आरोप लगवाए हैं। जिनकी स्वयं की सामाजिक और राजनीतिक छवि विवादित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक बयानबाजी के लिए किया जा रहा है और उनकी कोई स्वतंत्र विश्वसनीयता नहीं है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
