बरेली : यूपी के बरेली में एक पेट्रोल पंप को लेकर साझेदारी का विवाद अब गंभीर आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया है। महानगर कॉलोनी निवासी एक पेट्रोल पंप मालिक ने अपने सौतेले भाई और एक बिल्डर पर पेट्रोल पंप पर कब्जा करने, खातों का कथित दुरुपयोग करने, पिस्टल के बल पर फर्जी समझौता कराने और थाने के अंदर हत्या की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में पुलिस अफसरों के आदेश पर बिथरी चैनपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी देने के बाद शुरू हुआ विवाद
महानगर कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पुरनापुर स्थित ‘मां भगवती किसान सेवा केंद्र’ नामक पेट्रोल पंप उनका है। वर्ष 2020 में कारोबार के लिए धन की आवश्यकता होने पर उन्होंने बिल्डर अवधेश को पेट्रोल पंप की एक-चौथाई हिस्सेदारी दी थी।सौरभ का आरोप है कि इसके बाद अवधेश ने हिसाब-किताब में कथित गड़बड़ी शुरू कर दी और धीरे-धीरे पेट्रोल पंप के संचालन पर कब्जा करने की कोशिश करने लगा।उनका कहना है कि उन्हें कई बार पेट्रोल पंप से बाहर तक निकाल दिया गया।
सौतेले भाई पर भी लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में सौरभ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में अवधेश ने उनके सौतेले भाई प्रदीप कुमार को अपने पक्ष में कर लिया। इसके बाद प्रदीप की पत्नी संघमित्रा और उनकी भाभी गौरी द्वारा उनके साथ मारपीट कराई गई। इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। सौरभ का यह भी आरोप है कि अब पेट्रोल पंप के बैंक खातों और चेकों का कथित रूप से दुरुपयोग कर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है।
थाने में हत्या की धमकी देने का आरोप
सौरभ कुमार के अनुसार, उन्होंने 17 फरवरी को एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की थी। इसके बाद 24 मार्च को पुलिस के बुलावे पर वह बिथरी चैनपुर थाने पहुंचे। उनका आरोप है कि जब दरोगा और इंस्पेक्टर कमरे से बाहर चले गए, तभी अवधेश ने कमरे के अंदर उन्हें हत्या कराने की धमकी दी। बाहर निकलने पर जातिसूचक टिप्पणी भी की गई।
पिस्टल के बल पर फर्जी समझौते का आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 को उन्हें एक परिचित के घर बुलाकर पिस्टल के बल पर एक कथित फर्जी समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए। जिसमें अवधेश को उनकी आधी संपत्ति का मालिक दर्शाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में उनकी जमीन का एग्रीमेंट अवधेश ने अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के नाम कराकर बिना भुगतान किए वहां से मिट्टी खुदवाकर बेच दी।
पुराने मुकदमों की भी होगी जांच
सौरभ कुमार ने एसएसपी को अवधेश के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की सूची भी सौंपी है।एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर बिथरी चैनपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यदि आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो उनकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
