रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और तीन राज्यों के नेता करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, छात्रों, किसानों,व्यापारियों और श्रद्धालुओं को मिलेगा बड़ा लाभ
बरेली/गोरखपुर: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेल मंत्रालय ने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार मंजूर कर दिया है। इन दोनों रेल सेवाओं का शुभारंभ 6 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष उद्घाटन गाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
टनकपुर और पीलीभीत में होंगे भव्य समारोह
टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, पीलीभीत जंक्शन पर टनकपुर -पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर और विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता भी मौजूद रहेंगे।
लंबे समय से थी सीधी ट्रेन की मांग
पूर्वोत्तर रेलवे के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से मांग थी कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू की जाए। इस मांग पर विचार करते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर से नांदेड़ तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही 55322/55323 टनकपुर -पीलीभीत-टनकपुर सवारी गाड़ी का मार्ग बढ़ाकर शाहजहांपुर तक कर दिया गया है। जिससे स्थानीय यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
किसानों, छात्रों और व्यापारियों को मिलेगा फायदा
नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों,किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा आसान होगी। साथ ही कृषि और अन्य स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलने से क्षेत्र के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
टनकपुर स्टेशन पर आयोजित समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। नई रेल सेवाओं को कुमाऊं और रुहेलखंड क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
