मुरादाबाद में आधी रात आग का तांडव! पीतल एक्सपोर्ट फर्म धू-धूकर जली, 10 दमकलों ने घंटों बाद पाया काबू
दिल्ली रोड स्थित कन्हैया लाल निर्मल कुमार ओवरसीज में भीषण आग, पहली मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैली लपटें, लाखों के नुकसान की आशंका
मुरादाबाद : मुरादाबाद के मझौला थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड पर मंगलवार देर रात एक पीतल एक्सपोर्ट फर्म में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि पहली मंजिल से शुरू होकर कुछ ही देर में दूसरी मंजिल तक फैल गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 10 फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
पहली मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैली आग
जानकारी के मुताबिक दिल्ली रोड पर सर्किट हाउस के सामने स्थित कन्हैया लाल निर्मल कुमार ओवरसीज नामक पीतल एक्सपोर्ट फर्म में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी पहली मंजिल को अपनी चपेट में लेते हुए दूसरी मंजिल तक विकराल रूप धारण कर लिया।
3 दमकल से शुरू हुआ रेस्क्यू, बाद में बुलानी पड़ीं 7 और गाड़ियां
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए सात अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 10 दमकल वाहनों ने घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
फर्म परिसर से आधा दर्जन वाहन सुरक्षित निकाले गए
आग के दौरान फर्म परिसर में खड़ी करीब आधा दर्जन गाड़ियों को बड़ी मुश्किल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। समय रहते वाहनों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।
एसएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सतपाल अंतिल सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लोगों को दूर रखा।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
बताया जा रहा है कि यह फर्म ट्रॉफी और पीतल उत्पादों के निर्माण एवं निर्यात का कार्य करती है। आग में भारी मात्रा में तैयार माल, मशीनें और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडे ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
