दो दिवसीय दौरे में विकास कार्यों की समीक्षा, वॉर मेमोरियल का उद्घाटन और व्यापारियों का सम्मान करेंगे मुख्यमंत्री
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 और 30 जून को दो दिवसीय मुरादाबाद दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 29 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे राजकीय विमान से मुरादाबाद हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद वह सर्किट हाउस जाकर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3 बजे सर्किट हाउस के पीछे बुद्ध विहार स्थित उड़ीसा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता को संबोधित किए जाने की संभावना है।
शाम करीब 6 बजे मुख्यमंत्री वॉर मेमोरियल और चेतना स्थल का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान भामाशाह जयंती के अवसर पर विभिन्न व्यापारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार रात मुरादाबाद के सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 30 जून की सुबह वह रामपुर के लिए रवाना होंगे, जहां जनसभा को संबोधित करने के बाद बरेली और पीलीभीत का भी दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।