बिथरी चैनपुर के पदारथपुर गांव में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हुआ विवाद,छह लोग घायल,वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान नोट उड़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। एक ही समुदाय के दो गुट, जिनमें जिला पंचायत सदस्य पद के दावेदार, और उनके समर्थक भी शामिल बताए जा रहे हैं, आमने-सामने आ गए।
दोनों के बीच जमकर मारपीट
गांव के लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इससे अफरा -तफरी मच गई।इस घटना में छह लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताजिया जुलूस के दौरान नोट उड़ाने और उन्हें लूटने को लेकर पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन झगड़ा और बढ़ता गया।
पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने
स्थिति बिगड़ने पर बिथरी चैनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा गया और हालात पर काबू पाया गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि ताजिया जुलूस के दौरान नोट उड़ाने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था।पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
साक्ष्यों, और वीडियो के आधार पर कार्रवाई
इस मामले में पुलिस साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मुकदमा दर्ज किया गया है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि जिले में मुहर्रम के सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। केवल बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक ही समुदाय के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। जिसे पुलिस ने तत्काल नियंत्रित कर लिया। वीडियो फुटेज के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
