उझानी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, तीन घायलों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
बदायूं: जिले के उझानी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बरेली-मथुरा हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉला और मैजिक वाहन की आमने-सामने की भीषण टक्कर में 11 लोग घायल हो गए। हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा उझानी थाना क्षेत्र के छतुईया गांव के पास बरेली-मथुरा हाईवे पर हुआ। कासगंज की ओर से आ रहा मक्का से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉला सामने से आ रही मैजिक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

घायल सभी लोग कासगंज जिले के थाना ढोलना क्षेत्र के कोटरा गांव के निवासी बताए गए हैं। वे कासगंज में अरबी बेचकर मैजिक वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। घायलों में टीकाराम, मदनलाल, यादराम, देव सिंह, ताराचंद, तालेवर, सुनील कुमार, धर्मेंद्र, शिवम, विष्णु और चालक राजेश शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉला तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही मैजिक से टकरा गया। सूचना मिलते ही उझानी पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सीएचसी उझानी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग हादसे के संभावित कारण सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।