बरेली: यूपी के बरेली परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बड़ी समीक्षा बैठक की। इस अहम बैठक में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कड़े निर्देश जारी किए गए।
IGRS शिकायतों से लेकर मीडिया समन्वय तक सख्त रुख
बैठक में आईजीआरएस (IGRS) के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों की गहन समीक्षा की गई। डीआईजी ने साफ निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी बढ़ाने और किसी भी अफवाह का समय पर खंडन करने के निर्देश दिए गए।
CCTNS, ई-साक्ष्य और ई-समन सिस्टम पर जोर
सीसीटीएनएस (CCTNS) पर 60/90 दिनों से लंबित विवेचनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-साक्ष्य ऐप के जरिए एसआईडी क्रिएशन कर वीडियोग्राफी बयान, फोटो और फॉरेंसिक रिपोर्ट को विवेचना में शामिल करने को कहा गया।न्यायालय के साथ समन्वय बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से ई-समन जारी करने और उनकी समयबद्ध तामीला सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। यक्ष ऐप पर डेटा फीडिंग को नियमित और शत-प्रतिशत करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि अपराधियों की पहचान में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल हो सके।

साइबर क्राइम, टैक्स चोरी और NDPS पर कड़ा एक्शन
साइबर हेल्प-डेस्क के प्रभावी संचालन, साइबर अपराधों की रोकथाम और लीन अमाउंट की स्थिति की समीक्षा की गई। डीआईजी ने साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा जीएसटी टैक्स चोरी से जुड़े मामलों की प्रगति पर भी चर्चा हुई और विवेचनाओं को तेज करने को कहा गया। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E/68F, PIT NDPS Act और ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।
जीरो फेटेलिटी अभियान, ट्रैफिक और मिशन शक्ति पर फोकस
ज़ीरो फैंटेलिटी डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने, जागरूकता अभियान चलाने और प्रवर्तन कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े अभियानों की समीक्षा की गई और मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन तथा महिला बीट प्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अन्य अहम बिंदुओं पर भी विस्तृत समीक्षा
बैठक के अंत में अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीआईजी ने सभी जिलों में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
