एसपी चीफ ने कहा- उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही BJP, एजेंसियों का हो रहा इस्तेमाल, जनता समझ चुकी है भाजपा का चाल-चरित्र,
हरदोई/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में हुए शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड ने प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।अखिलेश यादव ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और समाजवादी पार्टी की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने कहा- “यह बहुत दुखद घटना है, जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस परिवार का दुख कभी कम नहीं होगा, लेकिन हम हर संभव कानूनी मदद देंगे।” इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर परिवार को और सहायता दी जाएगी, यहां तक कि सरकारी नौकरी देने की भी बात कही।
CBI जांच की मांग, अधिकारियों पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख ने इस मामले में CBI जांच की मांग उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार ने कई बार पुलिस से शिकायत की। खुद पीड़िता भी थाने और अधिकारियों तक पहुंची। इसके बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। उन्होंने कहा कि “दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और जिन अधिकारियों ने लापरवाही की, उन्हें नौकरी से टर्मिनेट किया जाना चाहिए।”
13 अप्रैल को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को राम रईस कुशवाहा की विवाहित पुत्री शिल्पी कुशवाहा की कथित तौर पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। 23 अप्रैल को सपा प्रतिनिधिमंडल गांव जाने वाला था, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोकते हुए हाउस अरेस्ट कर दिया था
महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि “महिला अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है” उन्होंने समाजवादी सरकार के समय की योजनाओं 1090 वूमेन पावर लाइन, 102 एम्बुलेंस सेवा, जनसुनवाई पोर्टल का जिक्र करते हुए वर्तमान व्यवस्था पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने गाजीपुर, प्रतापगढ़ और फतेहपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि न्याय की मांग करने पर विरोध और हिंसा होती है। सपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
जनता समझ चुकी है BJP का चाल-चरित्र, झूठी पार्टी, 2027 में हटेगी सत्ता से

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने हरदोई दौरे से लौटते समय भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि भाजपा “झूठी पार्टी” है और जनता अब उसके “चाल और चरित्र” को समझ चुकी है। महिला आरक्षण बिल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि कानून बनने के बावजूद इसका लाभ महिलाओं को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और थानों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा। उन्होंने हरदोई और अन्य जिलों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे गंभीर अपराध हुए। साथ ही भाजपा पर पुलिस का “राजनीतिक इस्तेमाल” करने का आरोप लगाया।
भाजपा के 400 पार जैसे दावे गलत
चुनावी मुद्दों पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के “400 पार” जैसे दावे पहले भी गलत साबित हुए हैं और आने वाले चुनावों में जनता जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाया जाएगा। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव के लिए करती है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी “विकास, सौहार्द और भाईचारे” की राजनीति में विश्वास रखती है और जनता के बीच इन्हीं मुद्दों के साथ जाएगी।
गिरगिट नहीं, अंदर ही अंदर रंग बदलते हैं…

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए महिला आरक्षण और राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा “मूल मुद्दों से ध्यान भटकाकर” जनता को गुमराह कर रही है।अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग “गिरगिट की तरह रंग बदलने” की बात करते हैं, लेकिन असल समस्या उन लोगों की है जो भीतर ही भीतर अपनी सोच बदलते रहते हैं और बाहर एक जैसा दिखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे को “सशक्तीकरण” के नाम पर टाल रही है, जबकि यह कानून पहले ही पारित हो चुका है। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा पर महिलाओं को पर्याप्त सम्मान और प्रतिनिधित्व न देने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में महिलाएं ही भाजपा के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं।
उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही BJP, एजेंसियों का हो रहा इस्तेमाल
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। बोले – भाजपा “कुछ उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही है” और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि ED, CBI और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का उपयोग विपक्ष पर दबाव बनाने के लिए किया जाता है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।
खराब खाने से मौत, जिम्मेदार कौन?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां हैं और “खराब खाने” जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही हुई है और इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैकेट सप्लाई से जुड़े लोगों पर “दलाली” के आरोप लग रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
