बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर में 21 और 22 मार्च को नाले में प्लास्टिक के।कट्टों में गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया था। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर गौवध निवारण अधिनियम की धारा 3/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मुठभेड़ में 3 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 23 मार्च की रात मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों असलम, जीशान और नासिर को गिरफ्तार कर लिया था। इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, गौकशी के उपकरण और एक बाइक भी बरामद की गई। फिलहाल सभी आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
2 मुख्य आरोपी अब भी फरार, पुलिस की लगातार दबिश
इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी नईम और इदरीश घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक वे हाथ नहीं आए हैं।
एसएसपी ने घोषित किया इनाम, सूचना देने पर मिलेगी रकम
एसएसपी अनुराग आर्य ने दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
