सपा प्रमुख बोले -न तानाशाही रही, न दानाशाही रहेगी,बाढ़ आरक्षण,महंगाई और कानून -व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा, 2027 में सपा की सरकार बनते ही हर जिले का अलग घोषणापत्र
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।बुलंदशहर में सपा के प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने का आरोप लगाया।अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी संगठन ने कार्यक्रम तय किया था, लेकिन पहले सावन का हवाला देकर तारीख आगे बढ़ाने को कहा गया और बाद में हेलीपैड पर जलभराव का कारण बताते हुए अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा, “सरकार घबरा रही है, इससे खराब सरकार नहीं देखी।”
लोकतंत्र में इतनी खराब सरकार कभी नहीं देखी- अखिलेश

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के अधिकारों को छीन रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों से सरकार क्यों घबरा रही है। उनके मुताबिक, बुलंदशहर में कार्यक्रम का उद्देश्य जनता से संवाद करना, जिले की समस्याओं को समझना और विधानसभा चुनाव के लिए जिले का घोषणापत्र तैयार करना था। उन्होंने प्राइमरी स्कूलों की बदहाली से जुड़े वीडियो बनाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई और शिक्षक दिवस पर सपा के ‘पाठशाला पुकारे’ कार्यक्रम को रोके जाने का भी मुद्दा उठाया।
सरकार बनने पर हर जिले का अलग घोषणापत्र
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश के घोषणापत्र के साथ-साथ जिला स्तर पर भी अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं और विकास की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जिले के लिए अलग योजनाएं बनाई जाएंगी।
लखीमपुर में पुल-घाट और बाढ़ नियंत्रण का वादा

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी में बाढ़ की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर पुल और घाट का निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण और किसानों के खेतों को बचाने के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने लखीमपुर में सीवर व्यवस्था और शहर के विकास को बेहतर करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में बनने वाले एक्सप्रेसवे से दुधवा नेशनल पार्क और पीलीभीत के जंगल क्षेत्र को जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
आरक्षण और अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण के खिलाफ है।उन्होंने पिछड़े, दलित, आदिवासी और महिला आरक्षण को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने अल्पसंख्यकों के अधिकारों और धार्मिक स्थलों तथा मदरसों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
महंगाई और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
उन्होंने महंगाई, रोजगार और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने जीडीपी और निवेश के सरकारी दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों के सामने इलाज और दवा का खर्च उठाने की समस्या बनी हुई है। उन्होंने झांसी की एक घटना का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इलाज मुफ्त होगा और किसी का कार्ड नहीं देखा जाएगा।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर कही ये बात

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अयोध्या, रामवन गमन मार्ग और विभिन्न एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कानपुर -लखनऊ,बुंदेलखंड, गंगा और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए सरकार पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए। हालांकि ये आरोप अखिलेश यादव और सपा की ओर से लगाए गए हैं।
2027 में सरकार बनाने का दावा
पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की चर्चा से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि “ये सरकार जाने वाली है, इसी का संकल्प हम लोग लेकर बैठे हैं।” सपा कार्यकर्ताओं ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी लिया।
आउटसोर्सिंग खत्म कर पक्की नौकरी का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी और युवाओं को पक्की नौकरी देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा हार मान लेगी और जनता चुनाव में अपना फैसला सुना देगी।
हापुड़ की घटना का भी किया जिक्र
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हापुड़ के बदनौली गांव में दलित युवक दीपक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार से मिलने जा रहे सपा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन को पुलिस द्वारा रोके जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने इसे चुनाव नजदीक आने के साथ PDA समाज के उत्पीड़न से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।
न तानाशाही रही, न दानाशाही रहेगी…
अखिलेश यादव ने अपने बयानों में सरकार पर तानाशाही और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए कहा कि “न तानाशाही रही, न दानाशाही रहेगी।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
